चंद्रयान -3 की सफल लॉन्चिंग पर राज्यपाल आनंदीबेन ने दी प्रदेशवासियों को बधाई

चंद्रयान-3
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को अन्तरिक्ष यान ‘चन्द्रयान-3’ के सफल लॉन्चिंग के लिए इसरो तथा प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी। राज्यपाल ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि इसरो के वैज्ञानिकों के अथक परिश्रम, निष्ठा व लगन से काम करने का परिणाम है। यह वास्तव में सभी भारतीयों के लिए गौरव का क्षण है।

ये अभियान उत्तर प्रदेश के लखनऊ के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि भारत की ‘रॉकेट वूमन’ के नाम से मशहूर लखनऊ की बेटी डॉ. रितु कारिधाल के इशारे पर चंद्रयान-3 श्रीहरिकोटा से अंतरिक्ष के लिए रवाना हुआ। इसरो ने जानकारी दी है कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग की जिम्मेदारी इस बार वरिष्ठ महिला वैज्ञानिक डॉ. रितु को सौंपी गई है और वह चंद्रयान-3 की मिशन डायरेक्टर हैं। अभियान के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पी. वीरा मुथुवेल हैं।

इसके पहले डॉ. रितु मंगलयान की डिप्टी ऑपरेशन डायरेक्टर और चंद्रयान-2 में मिशन डायरेक्टर रह चुकी हैं। इस बार चंद्रयान-3 में ऑर्बिटर नहीं बल्कि एक प्रोपल्शन मॉड्यूल है, जो किसी संचार उपग्रह की तरह काम करेगा। डॉ. रितु कारिधाल का जन्म 1975 में लखनऊ के मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से भौतिकी में एससी और एमएससी की पढ़ाई की। बचपन से उन्हें चांद-सितारों और आसमान में दिलचस्पी थी।

यह भी पढ़ें- चंद्रयान-3 का हुआ सफल प्रक्षेपण, चांद पर आज एक और कदम

गौरतलब है कि भारत के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 का शुक्रवार अपराह्न दो बजकर 35 मिनट पर आंध्र प्रदेश के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र श्रीहरिकोटा के शार रेंज से प्रक्षेपण किया गया। करीब 3900 किलोग्राम के इस चन्द्रयान-3 के प्रक्षेपण के अवसर पर इसरो के वैज्ञानिकों के आलावा केन्द्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- चांद पर हुई थी चंद्रयान-2 के लैंडर की हार्ड लैंडिंग, नासा ने जारी की तस्‍वीर