चुनाव आयोग ने जारी की यूपी की 403 विधानसभा सीटों की वोटर लिस्‍ट, जुड़े 52 लाख नए मतदाता, यहां चेक करें अपना नाम

यूपी की वोटर लिस्‍ट

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची और नियमावली बुधवार को जारी कर दी गई है। इस बार यूपी विधानसभा में करीब 15.02 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे। इसमें 8.04 करोड़ पुरुष और 6.98 करोड़ महिला मतदाता हैं। वहीं, थर्ड जेंडर के 8,853 मतदाता भी वोट डालेंगे। इस बार मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में 52.80 लाख मतदाता जोड़े गए हैं, जबकि 21.40 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं।

मुख्य चुनाव अधिकारी अजय कुमार शुक्ल ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि प्रदेश में एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने और जिनकी मृत्यु हो गई है उनके नाम हटाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया था। आयोग को 74 लाख के करीब आवेदन पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 52.80 लाख नाम जोड़े गए हैं, जबकि 21.40 लाख नाम काटे गए हैं। अभियान के दौरान 18 व 19 वर्ष की आयु के 19.79 लाख मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।

प्रदेश में कुल 15.02 करोड़ मतदाताओं में युवाओं (18 से 30 वर्ष) की संख्या 3.89 करोड़ है। प्रदेश में 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या भी 24.03 लाख है। 100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या भी 39 हजार से अधिक है, जबकि प्रदेश में पिछले दस वर्षों में पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या इस बार बढ़ी है। वर्तमान में एक हजार पुरुषों की तुलना में 868 महिलाएं हैं। वर्ष 2012 में एक हजार पुरुषों पर मात्र 816 ही महिलाएं थीं।

यह भी पढ़ें- #UPElection2022: चुनाव आयोग ने कहा, कोविड प्रोटोकॉल्स के साथ सभी पार्टियां चाहती हैं समय पर इलेक्शन

वहीं इस बार प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कारण 1,500 मतदाताओं के बजाय 1,200 मतदाताओं पर एक पोलिंग बूथ बनाया गया है। इस बार कुल बूथों की संख्या एक लाख 74 हजार 351 है। पहले बूथों की संख्या एक लाख 64 हजार 472 थी। वहीं, पोलिंग स्टेशन की संख्या भी 91 हजार 572 से बढ़कर 92 हजार 821 हो गई है।

इसके अलावा प्रदेश में कुल दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 10.64 लाख के करीब है। इस विधान सभा चुनाव में 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग मतदाताओं और दिव्यांगों को घर बैठे पोस्टल मतदान की सुविधा दी जा रही है।

मतदाता अपना नाम यहा किल्‍क कर http://www.ceouttarpradesh.nic.in या http://www.eci.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। आयोग की ओर से यह साफ किया जा चुका है कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद भी अगर किसी का नाम छूट जाता है तो उसे मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का मौका दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस की चुनाव आयोग से मांग, सरकारी खर्च से हो रही मोदी-योगी व उप मुख्‍यमंत्री की चुनावी रैलियों और असंवैधानिक भाषा पर लगाएं रोक