चुनाव प्रचार में उतरीं जया बच्चन का CM योगी पर निशाना, “ये झूठ के सिवाय कुछ नहीं बोलते”

जया बच्चन

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के अब तक चार चरण के मतदान हो चुके हैं। पांचवें चरण के लिए वोटिंग 27 फरवरी को होगी। पांचवें चरण के लिए शुक्रवार को प्रचार का आखिरी दिन है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी की नेता और फिल्म अभिनेत्री जया बच्चन प्रचार के लिए सिराथू पहुंची है। सिराथू में जया बच्चन ने योगी आदित्यनाथ और भाजपा पर निशाना साधते हुए झूठ बोलने का आरोप लगाया।

जया बच्चन ने कहा कि ये भूल जाते हैं कि आपके जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं उन्होंने तो परिवार को त्याग दिया है। वे परिवार के बारे में क्या जानते हैं। वे क्या जानते हैं बहू, बेटी क्या होती हैं। ये लोग झूठ के सिवाय कुछ नहीं बोलते। उन्होंने आगे कहा कि मैं 15 साल पार्लियामेंट में रहीं हूं, इन्होंने झूठ के सिवाय कुछ नहीं कहा है। जब ये सत्ता में है और जब ये सत्ता में नहीं थे, इन्होंने कभी भी महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक शब्द भी नहीं बोला।

गौरतलब है कि सिराथू से उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य चुनाव लड़ रहे हैं। केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने अनुप्रिया पटेल की बहन पल्लवी पटेल को चुनावी मैदान में उतारा है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का PM मोदी पर निशाना, आय दोगुनी करने का वादा करने वाले ने ही किसानों को लूटा

बता दें कि योगी आदित्यनाथ ने चुनावी प्रचार के दौरान अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे ज़्यादा परिवर्तन और क्या हो सकता है कि जो लोग पहले जेब में तमंचा रखकर राम भक्तों पर गोलियां चलाते थे, अब वे भी बजरंगबली का गदा लेकर घूम रहे हैं। सुल्तानपुर में योगी ने कहा कि अब तक 4 चरणों में हुए मतदान के रुझान बताते हैं कि विपक्ष के तमाम नेताओं ने अभी से विदेश भागने के लिए अपने टिकट 11 तारीख के लिए बुक करा दिए हैं।

यह भी पढ़ें- जनसभा में बोले अखिलेश, भाजपा को हराने के लिए समाजवादियों ने लिया अन्‍न संकल्‍प, गर्मी निकालने वाले की निकली भाप