दिल्ली में बाढ़ का खतरा, CM केजरीवाल ने कहा 24 घंटे स्थिति पर सरकार की नजर

बाढ़ का खतरा
प्रेसवार्ता के दौरान मीडिया को जानकारी देते सीएम अरविंद केजरीवाल साथ में अन्य ।

आरयू वेब टीम। राजधानी दिल्ली में बढ़ रहे बाढ़ के खतरों के मद्देनजर सोमवार को सरकार की उच्चस्तरीय बैठक के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेसवार्ता कर राजधानी के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। सीएम केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में पानी पहुंचने में 36 से 72 घंटे लगते हैं, ऐसे में आज (सोमवार) शाम को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान 205.33 को पार कर जाएगा।

केजरीवाल ने आगे कहा कि अगले दो दिन क्रिटिकल हैं। पूरा प्रशासन अलर्ट पर है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए दिल्ली सरकार की ओर से 2120 टेंट के इंतजाम किए गए हैं, जिसमें वह थोड़ी देर रह सकते हैं। यमुना का जल स्तर बढ़ने से 23.860  लोग प्रभावित होंगे जिनके लिए 2120 टेंट्स का इंतजाम किया गया है। सीएम ने कहा कि ऐसे में लोगों से अनुरोध है कि वो निचले इलाकों को छोड़ इन टेंट्स में आ जाएं।

यह भी पढ़ें- महाराष्‍ट्र में बाढ़ से बचने के लिए सुरक्षित स्‍थान पर ले जा रही नाव पलटी, 14 की मौत

30 नावों को रखा गया है तैयार

इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल ने बताया कि अगले आने वाले दो दिन बेहद नाजुक हैं, ऐसे में हम 24 घंटे स्थिति पर नजर रखेंगे। इसके अलावा 30 जगहों पर 30 नावों को तैयार रखा गया है।

हेल्‍पलाइन नंबर भी किया जारी

साथ ही दिल्ली सरकार की तरफ से आपात स्थिति में मदद के लिए 011-22421656 और 011-21210849 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम को तैनात किया गया है। जनाकारी के मुताबिक बाढ़ के खतरे को देखते हुए गीता कॉलोनी इलाके में कंट्रोल रूम भी बना दिया गया है। वहीं यमुना नदी पर लोहा पुल नाम के एक पुराने पुल को बंद कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- केरल-वायनाड में बाढ़ पीड़ितों के लिए राहुल ने PM मोदी से की बात, मांगी सहायता

मालूम हो कि हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया पानी राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। जानकारी के मुताबिक राजधानी दिल्ली की यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है। प्राप्‍त जानकारी के अनुसार हथिनी कुंड बैराज से अभी तक आठ लाख 28000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है।

यह भी पढ़ें- केजरीवाल का दिल्‍लवासियों को फिर बड़ा तोहफा, बिजली-पानी के बाद इंटरनेट भी कर दिया मुफ्त