आरयू वेब टीम। तरनतारन विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर दिया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को पूर्व विधायक हरमीत सिंह संधू को प्रत्याशी बनाया है। आप विधायक कश्मीर सिंह सोहल का इस साल जून में निधन हो गया था। इस वजह से यह सीट खाली हो गई थी, हालांकि चुनाव आयोग की ओर से तरनतारन सीट पर उपचुनाव को लेकर अभी तारीख का ऐलान नहीं किया गया है।
तरनतारन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान करते हुए कहा कि हरमीत सिंह संधू उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार होंगे। मान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “वह (संधू) आपकी पसंद हैं।” सीएम मान ग्रामीण संपर्क सड़कों के निर्माण की एक प्रोजेक्ट के शुभारंभ के लिए तरनतारन में थे।
यह भी पढ़ें- AAP ने आतिशी को दी एक और जिम्मेदारी, बनाया गोवा का प्रभारी
दरअसल हरमीत सिंह संधू तरनतारन सीट से तीन बार विधायक रहे हैं। वे साल 2002 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुने गए थे। इसके बाद संधू शिरोमणि अकाली दल के साथ जुड़ गए। वह 2007 और 2012 के चुनाव में अकाली ल के टिकट पर फिर से चुने गए, हालांकि उन्होंने साल 2017 और 2022 में भी वे चुनाव मैदान में उतरे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। संधू इस साल जुलाई में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।




















