जनसभा में बोले CM योगी, बड़े-बड़े माफिया आज घिघिया रहें

घिघिया रहें

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र के बिजनौर के बढ़ापुर में रैली की। योगी ने सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि भाजपा की सरकार जो कहती है वो करके दिखाती है। आज आप देख रहे होंगे, बड़े-बड़े माफिया जिनकी कभी तूती बोलती थी, आज कैसे घिघियाते दिख रहे हैं।

साथ ही आज वो बोलते हैं कि जान बख्श दो। ठेला लगाकर पेट भर लेंगे, लेकिन कभी किसी की बेटी को छेड़ेंगे नहीं। किसी की जमीन पर कब्जा नहीं करेंगे। योगी ने कहा कि विकास में सबसे बड़ा बैरियर है राजनीति में अपराधीकरण है। आज उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा है। यूपी में सब चंगा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज माफिया या अपराधी जेल में या तो जहन्नुम में हैं। कहीं किसी व्यापारी या बेटी को जबरन उठाने का दुस्साहस आज कोई कर सकता है क्या? करेगा तो क्या होगा ये मालूम है न। तो भाइयो और बहनों ये सुरक्षा केवल भाजपा ही दे सकती है।

योगी ने कहा कि 1980 में मुरादाबाद दंगा हुआ था। दर्जनों लोग मारे गए थे। उस समय से लेकर 2017 तक रिपोर्ट को लोगों ने दबाकर रखा था। मैं आया, मैंने उसकी जांच कराई। सभी दंगाईयों के चेहरे उजागर हो गए। उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा है…यूपी में सब चंगा है। इस प्रकार का माहौल बना है कि अब कर्फ्यू का स्थान कांवड़ ने ले लिया है। सुरक्षा की जिम्मेदारी हमने ली है। आज हर व्यक्ति अपने आप को सुरक्षित महसूस करता है। क्योंकि आपकी चिंता करने वाली सरकार लखनऊ और दिल्ली में बैठी है।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी का विपक्ष पर निशाना, ये चुनाव फैमिली फर्स्ट बनाम नेशन फर्स्ट का

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आप याद करिए। सपा का पिछला सांसद बोलता था कि भारत माता की जय नहीं बोलूंगा। याद करिए 2014 के पहले देश के अंदर क्या स्थिति थी। गरीब भूखों मरता था। आज देश के 80 करोड़ गरीबों को चार साल से फ्री राशन मिल रहा है। सीएम योगी ने कहा कि 60 करोड़ लोगों को पांच लाख बीमा का कवर मिल रहा है। आज 60 करोड़ लोगों को पांच लाख तक फ्री इलाज भाजपा सरकार करा रही है।

यह भी पढ़ें- जनसभा में बोले सीएम योगी, ब्रज का करना है विकास, कांग्रेस-सपा व बसपा ने नहीं ली सुध