“स्कूल चलो अभियान” का शुभारंभ कर CM योगी ने कहा, तेजी से विकास के पथ पर बढ़ रहा यूपी

स्कूल चलो अभियान
कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पहले यूपी भ्रष्टाचार की पहचान बन गया था, किंतु आज प्रदेश में विकास कार्य हो रहे। आज यूपी तेजी से विकास के पथ पर बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य हर क्षेत्र में विकास हुआ है। यूपी में देश की आत्मा निवास करती है। उत्तर प्रदेश का माहौल अब बदल चुका है। सीएम ने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि प्राचीन काल से ही शिक्षा का महत्व रहा है। पहले बच्चे स्कूल छोड़ देते थे। आज बच्चों को ड्रेस, किताब सब मिल रहा है। कोई भी बच्चा अब स्कूल से वंचित नहीं होगा।

उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में संचारी रोग नियंत्रण अभियान और स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ कर कार्यक्रम को संबोधित कर कही। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को पुस्तकें भी भेंट की।

साथ ही कार्यक्रम में निपुण आकलन में उत्तीर्ण होने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शिक्षक मैनुअल और कलेंडर का भी विमोचन कर कहा कि प्रदेश सरकार ने बीते चार वर्ष में स्कूल छोड़ चुके बच्चों को वापस स्कूल लाने का प्रयास किया है। इसके लिए स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान और स्कूल चलो अभियान एक साथ शुरू होने का फायदा पूरे प्रदेश को मिलेगा इससे प्रदेश में भी परिवर्तन होगा। पिछली सरकारों ने बच्चों के भविष्य को अंधकारमय बना दिया था। आज 90 फीसदी से ज्यादा स्कूल कायाकल्प अभियान में बदल गए हैं। मांटेसरी स्कूल बदल गए हैं।

यह भी पढ़ें- 71वीं ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स का शुभारंभ कर CM योगी ने कहा, 500 खिलाड़ियों की होगी भर्ती

डिप्टी सीएम ने कहा कि विद्यालय में सम्मानित लोगों को आगे किए जाने से स्कूलों का सीन बदल गया है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में पांच करोड़ परिवार से संपर्क करेंगे। इसके तहत सफाई और रोग नियंत्रण आदि के बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा कि आशावर्कर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी का अभियान पूरे देश में सराहा गया है। अब पूरे देश में इसे चलाया जाएगा। इस अभियान में दस विभाग लगाए गए हैं।

यह भी पढ़ें- ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने वाले निवेशकों से करें संवाद, जमीन पर उतारें हर निवेश प्रस्ताव: CM योगी