‘कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के कारण नहीं बन पाई बिहार में महागठबंधन की सरकार’

बिहार में महागठबंधन
कांग्रेस नेता तारिक अनवर, (फाइल फोटो।)

आरयू वेब टीम। बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की हार के बाद कांग्रेस में अंतर्कलह शुरू हो गई है। कांग्रेस के कुछ नेता मान रहे हैं कि महागठबंधन के बहुमत तक न पहुंचने की सबसे बड़ी वजह कांग्रेस रही। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर ने कहा है कि कांग्रेस के कमजोर प्रदर्शन के कारण महागठबंधन की सरकार से बिहार वंचित रह गई।

कांग्रेस नेता ने गुरुवार को कहा, हमें सच को स्वीकार करना चाहिए। कांग्रेस के कमजोर प्रदर्शन के कारण महागठबंधन की सरकार से बिहार महरूम रह गया। कांग्रेस को इस विषय पर आत्म चिंतन जरूर करना चाहिए कि उस से कहां चूक हुई? साथ ही उन्‍होंने कहा कि एमआइएम की बिहार में एंट्री शुभ संकेत नहीं है।

यह भी पढ़ें- बिहार चुनाव रूझान पर उदित राज का सवाल, धरती से सैटेलाइट नियंत्रित हो सकती है तो EVM क्यों नहीं

वहीं मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए तारिक अनवर ने कहा कि भाजपा की मेहरबानी रही तो नीतीश जी इस बार अंतिम रूप से मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। देखते हैं ‘बकरे की मां कब तक खैर मनाएगी’। उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन येन केन प्रकारेण चुनाव जीत गया, परन्‍तु सही में देखा जाए तो ‘बिहार’ चुनाव हार गया, क्योंकि इस बार बिहार परिवर्तन चाहता था। 15 वर्षों की निकम्मी सरकार से छुटकारा-बदहाली से निजात चाहता था।

मालूम हो कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा और जेडीयू नीत एनडीए ने बहुमत का जादुई आंकड़ा पार कर लिया। इस चुनाव में एनडीए ने 125 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस और आरजेडी नीत महागठबंधन ने एनडीए को कड़ी टक्कर दी, हालांकि महागठबंधन 110 सीटें ही जीत सका।

यह भी पढ़ें- बिहार के आखिरी चरण की वोटिंग से पहले नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, कहा ये है मेरा अंतिम चुनाव