हाथरस गैंगरेप: पीड़िता को न्‍याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस का GPO पर विरोध प्रदर्शन, नेताओं ने दी गिरफ्तारी

हाथरस गैंगरेप
गिरफ्तारी देते कांग्रेस कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। हाथरस में हैवानियत का शिकार हुई गैंगरेप पीड़िता को न्‍याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को जीपीओ पर विरोध प्रदर्शन किया। जिसमें करीब 50 नेता व कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी दी। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में जंगलराज चल रहा है।

कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बुरी तरह से बिगड़ चुकी है। योगी सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। शांतिपूर्ण विरोध करने वाले राजनैतिक कार्यकर्ता को पुलिस की दमनकारी नीति का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस पार्टी हर तरह से पीड़ित के परिवार के साथ है। उनकी हर स्तर से मदद की जाएगी।

यह भी पढ़ें- हाथरस गैंगरेप पीड़िता के पिता ने बेटी के लिए सरकार से मांगा इंसाफ, कहा दोषियों के लिए फांसी से कम कोई सजा नहीं

वहीं कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताएं भी शामिल थी। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार होने वालों में महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान और महिला कांग्रेस की नेता पार्षद ममता चौधरी भी शामिल रहीं।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में दलित लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी जीभ काट दी गई थी। अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई। उसके निधन के बाद से प्रदेशभर में माहौल काफी तनावपूर्ण है। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में है।

यह भी पढ़ें- प्रियंका ने हाथरस गैंगरेप पीड़िता के गुनाहगारों के लिए कि सख्‍त से सख्‍त सजा की मांग, कहा यूपी में हद से ज्‍यादा बिगड़ी कानून-व्‍यवस्‍था