आरपीएन सिंह पर सुप्रिया श्रीनेत का पलटवार, ये मुश्किल लड़ाई पूरी शिद्दत व साहस से लड़नी पड़ेगी, सब नहीं लड़ सकते

ये मुश्किल लड़ाई

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने आरपीएन सिंह पर पलटवार करते हुए कहा कि जिस लड़ाई को कांग्रेस लड़ रही है, यह एक मुश्किल लड़ाई है। यह लड़ाई वीरता और बहादुरी से ही लड़ी जा सकती है। कांग्रेस ये लड़ाई दमनकारी भाजपा सरकार, उसके अहंकार, उसकी एजेंसी, पूंजीवाद और हर तरह के लांछन के खिलाफ लड़ रही है।

सुप्रिया ने कहा, इस लड़ाई को लड़ने के लिए बूता चाहिए, यह सच की लड़ाई है, यह साहस की लड़ाई है। हमारी पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी कहती हैं, इस लड़ाई को कायरता से नहीं लड़ सकते हैं। इसलिए जो जहां जा रहा है,  हम उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई वैचारिक, सैद्धांतिक और सच की है। मुझे नहीं लगता कि कोई व्यक्ति कांग्रेस में रहकर बिल्कुल विपरीत विचारधारा वाली पार्टी में जा सकता है। शायद इसी को प्रियंका जी कायरता कहती हैं, कांग्रेस के सिपाहियों के आगे बड़ी लड़ाई है। कांग्रेस यह लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल हुए आरपीएन सिंह ने कहा, राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए हूं तत्पर, कांग्रेस पर भी साधा निशाना

वहीं भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, भाजपा सरकार को अब हार का डर दिख रहा है, क्योंकि भाजपा की नीतियों से देश, प्रदेश की जनता अब परेशान हो चुकी है, थक चुकी है। इस सरकार की अनीतियों का घड़ा भर चुका है। इतना ही नहीं वो दिन दूर नहीं जब देश, प्रदेश की जनता इनको वोट की चोट देकर सत्ता से बाहर करेगी।

यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट, सोनिया गांधी-मनमोहन सिंह व गुलाम नबी समेत इन नेताओं को मिली जगह