कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र, 25 गारंटी, पांच न्याय व देश के 30 लाख युवाओं को नौकरी देने का ऐलान, जानें मेनिफस्टो की खास बातें

कांग्रेस का घोषणा पत्र
घोषणा पत्र जारी करते कांग्रेस के दिग्‍गज नेता।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को एआइसीसी मुख्यालय में अपना मेनिफस्टो जारी किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधीव मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष पी. चिदंबरम मौजूद रहे। 48 पेज के मेनिफेस्टो में कांग्रेस ने 25 गांरटी के साथ पांच न्याय और युवाओं को 30 लाख नौकरी देने का ऐलान किया। कांग्रेस के घोषणा पत्र के अनुसार गरीब महिला को हर साल एक लाख रूपए की राशि दी जाएगी। एमएसपी कानून बनाने व मजदूरी 400 रूपए करने की बात भी अपने घोषणा पत्र में कही।

कांग्रेस ने घोषणा पत्र में मजदूर, किसान, युवा व महिलाओं को ध्यान में रखा है। कांग्रेस ने सभी को अलग-अलग योजनाओं से लाभान्वित करने का वादा किया है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में न्याय पर सर्वाधिक जोर दिया है। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि राहुल गांधी की न्याया यात्रा के समय देश में पांच न्याय पर फोकस किया गया है। बताया कि इसमें किसान न्याय, युवा न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय व हिस्सदारी न्याय को लेकर घोषणा की गई। साथ ही कांग्रेस ने 25 गारंटियां भी दी।

युवा न्याय पर जाेर

• कांग्रेस कानून लाकर 25 साल से कम उम्र के हर डिप्लोमा धारक या कॉलेज स्नातक के लिए प्राइवेट और सरकारी सेक्टर में एक साल का अप्रेंटिसशिप देगी। इस कानून के तहत ट्रेनी को एक साल में एक लाख रुपए की सैलरी मिलेगी।

• कांग्रेस नौकरी परीक्षाओं के लिए पेपर लीक मामलों का निपटारा करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन करेगी। पीड़ितों को आर्थिक मुआवजा देगी।

• कांग्रेस स्टार्ट-अप के लिए फंड ऑफ फंड्स योजना का पुनर्गठन करेगी और फंड का 50 प्रतिशत यानी 5,000 करोड़ रुपए देश के सभी जिलों में समान रूप से देगी। इससे 40 साल से कम उम्र के युवा अपना व्यवसाय शुरू कर पाएगा।

• कांग्रेस केंद्र सरकार के खाली 30 लाख पदों को भरेगी। पार्टी यह भी निर्धारित करेगी कि पंचायत और नगरीय निकाय में रिक्तियां राज्य सरकारों की सहमति से सही समय पर हो।

• कांग्रेस उन आवेदकों को एक बार कि राहत देगी, जो कोरोना महामारी के समय एक अप्रैल 2020 से 30 जून 2021 के दौरान सरकारी परीक्षा नहीं दे पाए थे।

• कांग्रेस सरकारी परीक्षाओं और सरकारी पदों के लिए आवेदन शुल्क समाप्त करेगी।

• कांग्रेस 21 साल से कम उम्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रति माह 10,000 रुपए की खेल छात्रवृत्ति देगी।

आरक्षण पर 50 प्रतिशत का…

कांग्रेस पार्टी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं गरीब सामान्य वर्ग को मिलने वाले आरक्षण पर 50 प्रतिशत का कैप हटाएगी।

कांग्रेस शिक्षा और नौकरियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को मिलने वाले दस प्रतिशत आरक्षण को बिना किसी भेदभाव के सभी जाति और समुदाय के लोगों के लिए लागू कराएगी।

कांग्रेस राष्ट्रव्यापी आर्थिक-सामाजिक जाति जनगणना करवाएगी। इसके माध्यम से कांग्रेस जातियों, उपजातियों और उनकी आर्थिक-सामाजिक स्थिति का पता लगाएगी।

कांग्रेस अनुसुचित जाति, अनुसुचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित सभी रिक्त पदों को 1 साल के भीतर भरेगी।कांग्रेस पब्लिक सेक्टर में संविदा की जगह नियमित भर्तियां करेगी। इसके अलावा जो संविदा कर्मी हैं, उनको नियमित करेगी।कांग्रेस घर बनाने के लिए और व्यवसाय शुरू करने के लिए अनुसुचित जाति और अनुसुचित जनजाति समुदाय के लोगों को मिलने वाले लोन की सीमा को बढ़ाएगी। कांग्रेस भूमिहीनों को जमीन देने का काम करेगी।

कांग्रेस की ये और बड़ी घोषणाएं

बुजुर्गो को रेलवे में रियायत का वादा

देशभर में 25 लाख तक फ्री इलाज की योजना

पेंशन योजना में होगा इजाफा करेगी प्रतिमाह 1000 रूपए पेंशन देगी।

महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत नौकरियां आरक्षित। उच्च पदों पर महिलाओं की नियुक्ति के लिए कांग्रेस करेगी प्रयास।

कांग्रेस इंटरनेट के मनमाने और अंधाधुंध निलंबन को समाप्त करने का वादा करती है।

30 लाख भर्तियों कराने का कांग्रेस का वादा।

राष्ट्रव्यापी आर्थिक- सामाजिक जाति जनगणन करवाएगी कांग्रेस।

ईडब्ल्यूएस के दस प्रतिशत आरक्षण को सभी वर्गो व जातियों के लिए लागू करेगी कांग्रेस।

महिलाओं को महालक्ष्मी गारंटी योजना के तहत सालाना एक लाख रूपए दिए जाएंगें।

सावित्रि बाई फूले हॉस्टल योजना के तहत हर जिले में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल किए जाएंगें तैयार।

समान आर्थिक न्याय

कांग्रेस प्राइवेट सेक्टर और हर तरह के उद्यम ( बड़े, मध्यम, छोटे एवं सूक्ष्म) को रोजगार के अवसर पैदा करने और वस्तुओं और सेवाओं का उत्पादन करने में मदद देगी। कांग्रेस अविश्वास और डर के मौजूदा माहौल को खत्म करेगी और एक स्वस्थ इको सिस्टम बनाएगी। मुक्त व्यापार और नियम आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और वाणिज्य का समर्थन करेगी। द्विपक्षीय और बहुपक्षीय व्यापार समझौतों को बढ़ावा देगी और उनमें शामिल होगी। पूर्ण रोजगार कांग्रेस का लक्ष्य है। कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि ज़्यादा से ज्यादा लोगों को लाभपूर्ण रोजगार मिले।

चार बड़े ऐलान 

• कांग्रेस ने कहा कि मतदान ईवीएम से ही करवाएंगें, मगर वीवीपैट की पर्ची से जांच की जाएगी।

• दूसरी बड़ी घोषणा में कहा कि दसवीं अनुसूची में संशोधन किया जाएगा जिसके तहत दलबदल करने पर विधानसभा व संसद की सदस्यता खत्म हो जाएगी।

• वन नेशन वन इलेक्शन का विरोध कर कहा कि लोकसभा व विधानसभा चुनाव तय समय पर करवाएंगें।

• चौथी बड़ी घोषणा में पुलिस व केंन्द्रीय एजेंसियों पर सख्ती से कानून के अनुसान काम करेगी।

पूर्ण राज्य का देगी दर्जा

कांग्रेस पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देगी। कांग्रेस जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करेगी। कांग्रेस सीधे पंचायतों और नगर पालिकाओं को फंड ट्रांसफर के लिए एक फार्मूला बनाने के लिए राज्य सरकारों के साथ काम करेगी। कांग्रेस शहरी स्थानीय निकायों में प्रभावी शासन के लिए मेयर को अधिक कार्यकारी शक्तियां देने के लिए कानूनों में संशोधन करेगी।

सुरक्षा रणनीति करेगी जारी

कांग्रेस एक व्यापक राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति जारी करेगी।कांग्रेस चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) की नियुक्ति की प्रक्रिया को संस्थागत बनाएगी। कांग्रेस अग्निपथ योजना को खत्म कर देगी और सेना, नौसेना और वायु सेना द्वारा अपनाई जाने वाली सामान्य भर्ती प्रक्रियाओं पर वापस लौटेगी।

कांग्रेस सशस्त्र बलों में लड़ाकू और गैर- लड़ाकू भूमिकाओं में महिलाओं के लिए सेवा के अवसरों का व्यवस्थित रूप से विस्तार करेगी। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का कार्यालय संसद की एक चयन समिति की निगरानी में लाया जाएगा।