अखिलेश ने कहा, 2022 में महान दल के साथ उत्‍तर प्रदेश में बनाएंगे सरकार, कोरोना काल में हुई मौतों की भी होगी जांच

महान दल
अभिवादन करते अखिलेश यादव साथ में महान दल के नेता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में छोटे दलों के साथ गठबंधन की मुहिम को यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने आगे बढ़ा दिया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव 2022 में यूपी में सपा और महान दल की सरकार बनने जा रही। हमारी सरकार बनने पर प्रदेश में सबसे पहले जातीय जनगणना कराई जाएगी। इस अवसर पर अखिलेश ने यह भी कहा कि हमारी सरकार बनी तो प्रदेश में कोरोना काल में हुई मौतों की भी जांच कराई जाएगी। कोरोना से जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों की सरकार मदद भी करेगी।

अखिलेश यादव ने रविवार को सपा के प्रदेश कार्यालय में महान दल के कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहा कि जातीय जनगणना के लिए सिर्फ 100-200 टेलीफोन लाइनें लगानी होंगी। इसके बाद लोगों को फोन करके उनसे उनकी जाति के आधार पर नंबर दबाने के लिए कहा जाएगा। वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा खुद को पिछड़ों का हमदर्द बताती है, लेकिन इसकी हकीकत अलग है। असलियत में उसने पिछड़ों का हक मारा है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट की असली लाठी दलित और पिछड़े मारेंगे, जिनका हक और सम्मान भाजपा ने छीना है।

विकास केवल विज्ञापन में…

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि योगी वह होता है जो दूसरों का दर्द समझता है, लेकिन मुख्यमंत्री ठोक देंगे जैसी असंसदीय भाषा का प्रयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी असली लड़ाई है कि उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर जाए। अगर उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर जाएगा तो सभी के भाग्य खुलेंगे। योगी आदित्यनाथ तो प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने विकास को रोक दिया। इन्हें विकास पसंद ही नहीं है। इनका विकास केवल विज्ञापन में है। सपा सुप्रीमों ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल के दौरान बने सभी अस्पताल कोरोना काल में काम आए। योगी सरकार तो लोगों को ऑक्सीजन, मामूली दवाएं भी उपलब्ध नहीं करा पाई।

किसानों को आतंकी और मवाली कह रही सरकार

वहीं कृषि कानून पर बोलते हुए अखिलेश ने केंद्र सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों की जमीन छीन कर उसे उद्योगपतियों में बांटेगी। वन महोत्सव मनाने वाली सरकार किसानों को आतंकी और मवाली कह रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने तो भाजपा का संकल्प पत्र पढ़ा ही नहीं है। संकल्प पत्र में सबसे पहले लिखा है कि किसानों की आय दोगुनी करेंगे। क्या किसानों की आय दोगुनी हो गई। समाजवादी पार्टी के मुखिया ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद को नकली बताते हुए कहा कि असली केशव प्रसाद तो महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य हैं।

विपक्ष के कार्यक्रम भाजपा को दिखता है कोरोना: केशव देव मौर्य

इस मौके पर महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने कहा कि हम भाजपा को रोकने के लिए महान दल का समाजवादी पार्टी में विलय भी कर सकते हैं। इसके लिए हम हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के 15 से 20 हजार वोट काटेंगे और समाजवादी पार्टी को इतना दिलाएंगे। उन्होंने विकास दुबे एनकाउंटर को लेकर सरकार पर हमला किया और कहा कि असली अपराधिक गुंडे नहीं खद्दर पहनने वाले नेता हैं। प्रदेश में कोरोना के नाम पर दो तरह की बातें हो रही हैं। भाजपा और उनकी सरकारों को कोरोना सिर्फ विपक्षियों के कार्यक्रमों में दिखता है, मोदी-योगी की सभाओं और अपने कार्यक्रमों में नहीं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का हमला, आम जनता के मुद्दों पर बहस करने से डरती है भाजपा