आरयू वेब टीम। कांग्रेस ने गुरुवार को दिल्ली के अपने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली को राज्य इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अरविंदर सिंह लवली को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
केसी वेणुगोपाल द्वारा हस्ताक्षरित एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अरविंदर सिंह लवली को तत्काल प्रभाव से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी, निवर्तमान अध्यक्ष अनिल चौधरी के प्रयासों और योगदान की सराहना करती है।
अनिल कुमार ने मार्च 2020 में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी। दिसंबर, 2022 में हुए दिल्ली नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस को 250 सदस्यीय निगम में सिर्फ नौ सीटें मिली थीं, जबकि आम आदमी पार्टी 134 सीटों के साथ पहले और भारतीय जनता पार्टी 104 सीटें के साथ दूसरे स्थान पर रही थी। पार्टी नेतृत्व ने हाल ही में दीपक बाबरिया को दिल्ली का प्रभारी नियुक्त किया था।
यह भी पढ़ें- मोदी सरकार के रोजगार मेले पर कांग्रेस का निशाना, खड़गे ने PR समिट बताकर कहा, BJP के झूठ-विश्वासघात को पहचान चुके युवा
वहीं शीला दीक्षित की सरकार में बतौर मंत्री कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभालने वाले लवली इससे पहले दिसंबर 2013 से फरवरी 2015 तक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अध्यक्ष के तौर पर लवली के सामने सबसे बड़ी चुनौती दिल्ली में कांग्रेस के खोये जनाधार को वापस हासिल करने की होगी। इसके साथ ही उनके सामने एक और चुनौती लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ तालमेल की गुंजाइश बनाए रखने की भी होगी।




















