साल के आखिरी दिन दिल्ली में छाया कोहरा, 10.2 डिग्री पहुंचा तापमान

दिल्ली में कोहरा
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। साल के आखिरी दिन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अधिकतर हिस्सों में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने यह जानकारी दी। आइएमडी ने बताया कि दिल्ली में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 90 फीसदी दर्ज की गई। वहीं, अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने दिल्ली में सुबह घने कोहरे के बाद दिन में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग के मुताबिक, पालम में शुक्रवार देर रात एक से दो बजे के बीच दृश्यता घटकर 250 मीटर रह गई, जो शनिवार सुबह छह बजे सुधरकर 800 मीटर हो गई।

आइएमडी के अनुसार, शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे बठिंडा में दृश्यता 200 मीटर, चंडीगढ़ में 50 मीटर, अंबाला में 25 मीटर, बरेली में 25 मीटर, लखनऊ में 25 मीटर, वाराणसी में 50 मीटर, पटना में 25 मीटर और गया में 50 मीटर रही।

मौसम विभाग के मुताबिक, हिमालय से बहने वाली बर्फीली हवाएं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी का सबब बनेंगी। विभाग ने एक बयान में कहा, ‘‘क्षेत्र में अगले चार से पांच दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। एक जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में शीत लहर का नया दौर शुरू होने के आसार हैं।’’

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में आधी रात से हो रही तेज बारिश से बढ़ी ठंड, एयर क्वालिटी में सुधार

शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। यह दिसंबर माह में राष्ट्रीय राजधानी में दर्ज सर्वाधिक न्यूनतम तापमान भी है। साथ ही मौसम विज्ञानियों ने कहा कि शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म होने के साथ दिल्ली के लोगों को जनवरी की शुरुआत में एक बार फिर शीत लहर और भीषण ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

आईएमडी के अनुसार, एक से पांच जनवरी के बीच दिल्ली के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने और शीत लहर चलने के आसार हैं। विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को पारा लुढ़ककर आठ डिग्री, जबकि दो जनवरी को चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें- 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में होगी बारिश, बढ़ेगी ठंड