प्रियंका के भगवा वाले बयान पर दिनेश शर्मा का पलटवार, किया जा रहा हिंदुत्व को बदनाम

दिनेश शर्मा

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के ‘भगवा’ वाले बयान पर उप मुख्‍यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने पलटवार किया है। साथ ही इसके बहाने प्रियंका पर हिंदुत्व को बदनाम करने का आरोप भी लगाया है। डिप्टी सीएम ने आज मीडिया से कहा कि प्रदेश की शांति को नष्ट करने के लिए ये लोग दुष्प्रचार करने की होड़ लगाते हुए वोट बैंक तैयार करने का रिहर्सल कर रहे हैं।

दिनेश शर्मा ने कांग्रेस के साथ ही सपा को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लोगों को लोकसभा चुनाव में हार के बाद अपना वोट बैंक खिसकता दिखाई दे रहा है। ये लोग अल्पसंख्यक तुष्टीकरण के नाम पर यह भूल गए हैं कि वे दंगाइयों को समर्थन देने का काम कर रहे हैं। प्रियंका गांधी उन लोगों के पक्ष में खड़ी दिखाई दे रही हैं, जिन्होंने पत्थर चलाए, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और गोलियां चलाईं है।’

यह भी पढ़ें- प्रियंका ने कहा, मुख्‍यमंत्री के बदला लेने वाले बयान पर काम कर रहा पुलिस-प्रशासन, भगवा को लेकर भी बोलीं ये बातें

साथ ही विपक्ष पर दुष्प्रचार का आरोप लगाते हुए दिनेश शर्मा ने कहा, ‘एसपी और कांग्रेस वर्ग विशेष को भ्रम में डालकर उन्हें अपने पक्ष में खड़ा करने की कोशिश में लगे हुए हैं। एक नेता सीधे-सीधे भगवा को कलंकित करने का प्रयास कर रही हैं। इन्हें लगता है कि भगवाधारी सीएम दूसरों का नुकसान करने वाले हैं। प्रदेश की शांति को नष्ट करने के लिए ये लोग दुष्प्रचार करने की होड़ लगा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- #CAANRC: दिनेश शर्मा का पलटवार, जनता में डर व हिंसा का वातावरण बनाने के लिए विपक्ष जिम्मेदार

बता दें कि प्रियंका गांधी ने सोमवार को दिनेश शर्मा के बयान के कुछ घंटों पहले ही लखनऊ में प्रेसवार्ता कर कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवा धारण किया है, यह भगवा उनका नहीं है, भगवा हिंदुस्तान की आध्यात्मिक संस्कृति और हिंदू धर्म का प्रतीक है। कृष्ण, राम और शिव के देश में हिंसा और बदले की जगह नहीं है? महाभारत में भी कृष्ण ने रण क्षेत्र में बदला लेने की बात नहीं की। बदले की भावना इस देश की परंपरा नहीं रही है। यह देश प्रेम, करुणा और अहिंसा की बात करता है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस सपा व बसपा ने मुसलमानों को वोट बैंक की तरह किया इस्‍तेमाल: दिनेश शर्मा