DM अजय द्विवेदी ने बंद कराया जौहर यूनिवर्सिटी से कलाम गेस्ट हाउस का रास्ता, खड़ी कराई दीवार

जौहर यूनिवर्सिटी

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता मोहम्मद आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर हुई कार्रवाई को लेकर एक बार फिर चर्चा में है। रामपुर के जिलाधिकारी (डीएम) अजय द्विवेदी ने यूनिवर्सिटी कैंपस के भीतर से एपीजे अब्दुल कलाम गेस्ट हाउस को जाने वाले एक गेट को हटवाकर वहां दीवार बनवा दी है।

इस संबंध में डीएम का कहना है कि एपीजे अब्दुल कलाम गेस्ट हाउस एक सरकारी संपत्ति है और इसका अपना एक अलग आधिकारिक रास्ता है। जानकारी मिली थी कि जौहर विश्वविद्यालय के परिसर के भीतर से गेस्ट हाउस तक पहुंचने के लिए एक अनधिकृत गेट का उपयोग किया जा रहा था। इस जानकारी के बाद, उस गेट को हटाकर दीवार का निर्माण कराया गया है।

गौरतलब है कि ये गेस्ट हाउस सपा शासनकाल के दौरान मोहम्मद आजम खान द्वारा जौहर विश्वविद्यालय परिसर के भीतर ही बनवाया गया था। सरकार बदलने के बाद जौहर यूनिवर्सिटी कई बार सुर्खियों में रही है। अब प्रशासन ने गेस्ट हाउस के गेट को हटाकर दीवार बनवा दी है।

यह भी पढ़ें- हेट स्‍पीच केस में आजम खान को बड़ी राहत, MPMLA कोर्ट ने किया बरी

पहले एपीजे अब्दुल कलाम गेस्ट हाउस के दो प्रवेश द्वार थे। एक सरकारी मुख्य मार्ग से और दूसरा जौहर विश्वविद्यालय परिसर के भीतर से। अब विश्वविद्यालय परिसर से आने वाले गेट को हटाकर दीवार बना दी गई है, जिससे गेस्ट हाउस तक पहुंचने का केवल एक ही आधिकारिक रास्ता बचा है।

यह भी पढ़ें- आजम खान व बेटे अब्दुल्ला को बड़ी राहत, मशीन चोरी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दी जमानत