एलन मस्क फिर बने दुनिया के सबसे अमीर शख्स, बर्नार्ड अरनॉल्ट को छोड़ा पीछे

एलन मस्क

आरयू वेब टीम। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए है। एलन ने फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट  को पछाड़कर यह स्थान हासिल किया है। ट्विटर डील और टेस्ला के शेयरों में भारी गिरावट के बाद से लगातार एलन मस्क की नेटवर्थ में काफी कमी आई थी, जिसकी वजह से वह दुनिया के अरबपतियों के लिस्ट में फिसलकर दूसरे नंबर पर पहुंच गए थे, हालांकि, अब उन्होंने एक बार फिर नंबर वन पॉजिशन हासिल कर लिया है।

इस साल टेस्ला इंक के शेयर में लगभग 70 प्रतिशत की तेजी से मस्क की संपत्ति में शानदार उछाल आया है। टेस्ला का शेयर छह जनवरी को अपने इंट्राडे लो से लगभग 100 प्रतिशत ऊपर है क्योंकि निवेशक आर्थिक मजबूती के संकेतों और फेडरल रिजर्व ब्याज दर में वृद्धि की धीमी गति के बीच शेयरों पर दांव लगा रहे हैं। साथ ही टेस्ला के कई मॉडलों के कार की कीमतों में कटौती के बाद कंपनी को अपने इलेक्ट्रिक वाहनों की अधिक मांग का भी फायदा मिला है।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, फिलहाल एलन मस्क की संपत्ति बढ़कर187 अरब डॉलर हो गई है, जबकि बर्नार्ड अरनॉल्ट185 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ बिलेनियर लिस्ट में दूसरे स्थान पर पर पहुंच गए हैं।

यह भी पढ़ें- जानें एलन मस्क के Twitter पर ब्लू टिक के लिए हर महीने देने पड़ सकते हैं कितने रुपये

बता दें कि एलन मस्क की संपत्ति पिछले 24 घंटे में 6.98 अरब डॉलर बढ़ गई है। वहीं इस साल यानी 2023 की शुरुआत से लेकर अबतक मस्क की संपत्ति में 50.10 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। पिछले साल टेस्ला के शेयरो में भारी गिरावट आने की वजह से मस्क को 200 अरब डॉलर का नुकसान झेलना पड़ा था। यह किसी भी कारोबारी की संपत्ति में आई अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है। पिछले दो महीने से वह बिलेनियर में दूसरे स्थान पर बने हुए थे।

यह भी पढ़ें- वोटिंग के बाद एलन मस्क का ऐलान, मूर्ख के मिलते ही Twitter के CEO पद से देंगे इस्तीफा