पंजाब सरकार मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच फौजा सिंह ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा

फौजा सिंह
फौजा सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। पंजाब में आप सरकार मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच कैबिनेट मंत्री फौजा सिंह सारारी ने शनिवार को पद से इस्तीफा दे दिया है। मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद फौजा सिंह ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही ये भी कहा कि वह आम आदमी पार्टी के एक वफादार सिपाही हैं और आगे भी रहेंगे।

वहीं सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख प्रवक्ता मलविंदर सिंह ने बताया कि सरारी ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके अलावा पंजाब में विपक्षी दल ऑडियो क्लिप को लेकर सरारी को बर्खास्त एवं गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे, हालांकि सरारी ने अपने विरुद्ध लगे आरोपों को खारिज किया है।

सूत्रों के मुताबिक पंजाब कैबिनेट में आज बड़ा फेरबदल होने की संभावना है और नए चेहरों को मौका मिल सकता है। पहले राजभवन में सादे कार्यक्रम में नए मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने की संभावना है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किस-किस विधायक को मंत्री बनाया जा रहा है और किन मंत्रियों की छुट्टी होने वाली है।

यह भी पढ़ें- मान सरकार ने पेश किया पहला बजट, एक जुलाई से मुफ्त मिलेगी बिजली

बता दें कि फौजा सिंह सरारी पर कांग्रेस ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर इस्तीफे की मांग की थी। फौजा सिंह के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन भी किया था। फौजा सिंह पर कथित तौर पर एक ठेकेदार से वसूली का आरोप लगा था। इस संबंध में उनका कथित ऑडियो भी वायरल हुआ था, हालांकि उनके इस्तीफे की वजह निजी कारण बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली: मेयर चुनाव में बवाल, भिड़े आप व भाजपा के पार्षद, सदन स्थगित