मॉब लिंचिंग: 49 हस्तियों के खिलाफ हुई FIR पर भड़के राहुल, कहा तानाशाही की ओर बढ़ रहा देश

भड़के राहुल
मीडिया से बात करते राहुल गांधी साथ में अन्य।

आरयू वेब टीम। मॉब लिंचिंग को लेकर पीएम मोदी को लेटर लिखने वाली 49 हस्तियों के खिलाफ हुई एफआइआर को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलने के साथ ही उसकी आलोचना की है। राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी या उनकी सरकार के खिलाफ कुछ भी कहने वालों को सलाखों के पीछे डाल दिया जाता है। राहुल ने कहा कि देश तानाशाही की ओर बढ़ रहा है और यह बात अब किसी से छिपी नहीं है।

वायनाड में सांसद राहुल गांधी ने कहा ‘हर कोई जानता है कि देश में क्या हो रहा है। यह बात किसी से छिपी नहीं है, बल्कि पूरा देश यह जानता है। हम तानाशाही की ओर बढ़ रहे है। यह बात काफी हद तक स्पष्ट है।’’राहुल गांधी बांदीपुर बाघ अभयारण्य से होकर गुजरने वाले राजमार्ग पर रात में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए जाने का विरोध कर रहे लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए यहां आए हैं।

यह भी पढ़ें- मॉब लिंचिंग पर पीएम मोदी को खुला पत्र लिखने वाले 49 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज

राहुल ने कहा कि ‘जो प्रधानमंत्री के खिलाफ कुछ कहता है, जो सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे जेल भेज दिया जाता है और उस पर हमला किया जाता है। मीडिया को दबा दिया गया है। हर कोई जानता है कि क्या चल रहा है।

यह भी पढ़ें- मॉब लिंचिंग के खिलाफ 49 हस्तियों ने PM को लिखा पत्र, कहा निंदा काफी नहीं, दोषियों को दी जाए सख्त सजा

हमला जारी रखते हुए राहुल बोले कि देश में दो विचारधाराएं हैं। इनमें से एक विचारधारा इस बात का समर्थन करती है कि ‘‘एक व्यक्ति, एक विचारधारा’’ से देश का शासन चले। ‘एक तरफ यह विचार है कि एक व्यक्ति, एक विचारधारा से देश का शासन चलना चाहिए और बाकी सभी को मुंह बंद रखना चाहिए। दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी और विपक्ष है जो इसे मानने से इनकार कर रहे हैं। वो कह रहे हैं कि इस देश में विभिन्न विचार, विभिन्न भाषाएं, संस्कृतियां एवं कई प्रकार के विचार हैं और उनकी आवाज को दबाया नहीं जाना चाहिए। देश में यह मुख्य संघर्ष चल रहा है।’’

यह भी पढ़ें- मॉब लिंचिंग पर बोले शशि थरूर, क्या एक चुनाव नतीजे ने दे दिया किसी की भी हत्या का हक