गुजरात में बोले अमित शाह, नागरिकता संशोधन कानून पर विपक्ष के झूठ ने फैलाई देश में अराजकता, कार्यकर्ताओं से भी की एक अपील

देशभर में विरोध
कार्यक्रम को संबोधित करते अमित शाह।

आरयू वेब टीम। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहें हैं। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को आरोप लगाया कि नागरिकता संशोधन कानून पर विपक्ष की ओर से फैलाए गए झूठ ने देश में अराजकता फैला दी है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इस नए कानून का लक्ष्य लोगों को नागरिकता देना है, उनसे नागरिकता छीनना नहीं।

साथ ही गृह मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लोगों के घर-घर जाकर उन्हें नए कानून के प्रावधानों के बारे में समझाएं। गुजरात पुलिस की विभिन्न परियाजनाओं के उद्घाटन के लिए आयोजित समारोह में शाह ने आरोप लगाया, ‘‘विपक्ष के पास और कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वे सीएए के बारे में झूठ और भ्रम फैला रहे हैं। इसके कारण पूरे देश में अराजकता फैल गई है।’

यह भी पढ़ें- लखनऊ में CAA के खिलाफ प्रदर्शन, बवाल, फायरिंग में युवक की मौत, फूंकीं गई पुलिस चौकी व दर्जनों वाहन, तोड़फोड़, पथराव, लाठीचार्ज

उन्होंने कहा कि इस कानून का लक्ष्य तीन पड़ोसी मुल्कों पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में परेशान किए जा रहे अल्पसंख्यकों को नागरिकता देना है। ‘‘हमारे पास लोगों को सच समझाने की ताकत है। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं से अनुरोध करता हूं कि वे घर-घर जाकर लोगों को कानून से होने वाले लाभ के बारे में बताएं।

साथ ही अमित शाह ने कहा कि हमारा अभियान पूरा होने के बाद देश के लोग सीएए के महत्व को समझेंगे।’’ उन्होंने कहा कि तकनीक के अधिकतम इस्तेमाल से अपराध को कम करने में मदद मिल सकती है।

यह भी पढ़ें- CAA: मेरठ पुलिस की कार्रवाई का वीडियो वायरल, SP ने अभद्र भाषा के साथ जनता को दी पाकिस्‍तान जाने की हिदायत

बता दें कि इस कार्यक्रम के बाद अमित शाह आज गुजरात तकनीकी विश्‍वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इसके अलावा शाह ने कई अन्य कार्यक्रमों में भी शिरकत की। इन कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए शाह शुक्रवार रात को गुजरात पहुंच गए थे।

यह भी पढ़ें- CAA के खिलाफ इंडिया गेट पर छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुईं प्रियंका, कहा जनता को नोटबंदी की तरह लाइनों में लगाना चाहती है सरकार