हाथरस कांड के शिकार परिवार से मिलें सपा के वरिष्‍ठ नेताओं ने कहा, “हम दिलाएंगे आपको न्‍याय”

न्याय दिलाने
हाथरस पहुंचा सपा का प्रतिनिधिमंडल।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/हाथरस। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर हाथरस जनपद के बूलगढ़ी गांव में पीड़िता के परिवार से आज सपा के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर उनके संवेदना जताई। सपा नेताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

वहीं मुलाकात के बाद सपा के प्रदेश अध्‍यक्ष नरेश उत्‍तम पटेल व पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने मीडिया को बताया कि पीड़ित परिवारवाले सरकारी रवैये से असंतुष्ट हैं। उनकी बेटी का शव का आधी रात में जिस तरह जबरन दाह संस्कार हुआ उससे परिवार बहुत आहत है। पीड़िता का परिवार पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की इस मांग से सहमत है कि सर्वोच्च न्यायालय के जज से इस कांड की जांच हो।

प्रतिनिधिमंडल में सपा के प्रदेश अध्‍यक्ष नरेश उत्तम पटेल व पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव के अलावा, पूर्व कैबिनेट मंत्री रामजी लाल सुमन, पूर्व सांसद अक्षय यादव, सफाई आयोग के पूर्व अध्‍यक्ष जुगुल किशोर वाल्मीकि, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष छात्रसभा अतुल प्रधान, सदस्य विधान परिषद जसवंत यादव, संजय लाठर, उदयवीर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष लोहिया वाहिनी डॉ. राम करन निर्मल,  रामगोपाल बघेल जिलाध्यक्ष आगरा और ममता टपलू पूर्व प्रत्याशी विधानसभा आगरा शामिल थीं।

न्याय के लिए संघर्ष में हम परिवार के के साथ: अखिलेश

वहीं दूसरी ओर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने एक बयान में योगी सरकार पर जमकर हमला बोला है। अखिलेश ने कहा है कि हर शहर, गांव में अपराधों की भरमार है। पुलिस भी उसमें हिस्सेदार बनी हुई है। बेहाल जनता कहां जाए? हाथरस में हैवानियत की शिकार बेटी एवं सरकार द्वारा प्रताड़ित शोकाकुल परिवार के प्रति हमारी संवेदना है। इस परिवार के न्याय के लिए संघर्ष में हम उनके साथ है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार के रवैये से जनता का विश्‍वास उस पर से उठ गया है।

यह भी पढ़ें- हाथरस में हैवानियत की बलि चढ़ी युवती के भाई ने की DM के निलंबन व सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज से जांच कराने की मांग

हाथरस के अलावा बलरामपुर, बागपत, मेरठ, फतेहपुर, अलीगढ़, उन्नाव, लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, मथुरा, प्रयागराज, आजमगढ़, बुलंदशहर, भदोही, लखनऊ, झांसी, सोनभद्र, रायबरेली, चंदौली आदि जनपदों से भी महिलाओं-बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं की सूचनाएं हैं।

भाजपा राज में लगातार बढ़ रहीं दुष्कर्म की घटनाएं 

साथ ही अखिलेश ने कहा है कि भाजपा राज में लगातार महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रहीं। मुख्यमंत्री का ऐन्टी रोमियों स्क्वाड कहां चला गया है? अलीगढ़ में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म हुआ और अमरोहा में महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के गहोलिया गांव में आठ दिन से लापता बच्ची का कंकाल मिला। बुलंदशहर के सिकंदराबाद में भी एक किशोरी हैवानियत की शिकार हुई।

मुख्यमंत्री की अपराधियों को दी जा रही थोथी धमकियां जनता के जख्मों पर नमक जैसी

हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा है कि खुद मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में पिछले दिनों छह बेटियां खुदकशी कर चुकी हैं। छेड़छाड, दुष्कर्म का विरोध करने पर पीड़िताओं के परिवारीजनों की पिटाई होना आम बात हो गई है। गोरखपुर में महिला की हत्या हुई और बेटा-बेटी घायल हैं। पीलीभीत में एक मासूम की गला रेतकर हत्या कर दी गई।

यह भी पढ़ें- परिवार व ग्रामीणों के विरोध के बावजूद पुलिस ने जबरन कराया हाथरस गैंगरेप पीड़िता का अंतिम संस्‍कार, रोष

भाजपा सरकार का बेटी बचाओं, बेटी पढ़ाओं का नारा और मुख्यमंत्री की अपराधियों को दी जा रही थोथी धमकियां जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी लगती हैं। उत्तर प्रदेश में बहू-बेटियों की जिंदगी पर हर क्षण खतरा मंडराता रहता है। उन पर अत्याचार का बेलगाम दौर चल रहा है।