CBI ने कसा HC के रिटायर्ड जज एसएन शुक्ला पर शिकंजा, आय से अधिक संपत्ति मामले में पत्‍नी-साले पर भी केस दर्ज

रिटायर्ड जज एसएन शुक्ला

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एसएन शुक्ला पर आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज कर लिया गया है। सीबीआइ ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है, जिसमें रिटायर्ड जस्टिस के अलावा उनकी दूसरी पत्नी सुचिता तिवारी और साला साइदीन तिवारी भी नामजद हैं।

जानकारी के मुताबिक सीबीआइ ने करीब तीन वर्ष पूर्व भी एसएन शुक्ला के खिलाफ केस दर्ज किया था। साथ ही, एसएन शुक्ला के साथ शुचिता तिवारी और साईदीन तिवारी के ठिकानों पर छापा मारकर कई अहम सुबूत एकत्र किए थे। इसकी जांच के दौरान उनके परिजनों के नाम आय से अधिक संपत्तियां होने के प्रमाण मिलने के बाद एक और नया केस दर्ज किया गया है।

दरअसल, जांच में पता चला कि शुचिता तिवारी वर्ष 2014-15 में जब एसएन शुक्ला के संपर्क में आई थीं तो उनके पास कोई चल-अचल संपत्ति नहीं थी। सीबीआइ के छापे में लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित आवास से उनके और एसएन शुक्ला के नाम से 18 लाख रुपये की एफडीआर मिली थी। सीबीआइ के मुताबिक यह रकम एसएन शुक्ला ने अवैध तरीके से अर्जित धन से अर्जित की थी।

वहीं अमेठी के शिवशक्ति धाम ट्रस्ट से एसएन शुक्ला को शुचिता तिवारी के खर्चों के लिए धनराशि भेजने केप्रमाण मिले है। एसएन शुक्ला के मोबाइल की छानबीन के बाद आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने शुचिता तिवारी और साईदीन तिवारी के साथ मिलकर कई संपत्तियों में भी निवेश किया है।

यह भी पढ़ें- प्रो. विनय पाठक व अजय मिश्रा के खिलाफ CBI ने दर्ज किया मुकदमा

वहीं जांच में लखनऊ के हुसैनगंज स्थित स्टेट ऑफ इंडिया की शाखा से दस लाख भेजने के प्रमाण भी मिले हैं जिससे शुचिता तिवारी के नाम से फ्लैट खरीदा गया। शुचिता तिवारी की बेटी के स्कूल के आईकार्ड में पिता का नाम एसएन शुक्ला लिखा पाया गया।

यह भी पढ़ें- फोन टैपिंग केस में दिल्ली हाई कोर्ट ने NSE की पूर्व CEO चित्रा रामकृष्ण को दी जमानत