हिमाचल में बारिश के साथ मची तबाही में 21 की मौत, शिव मंदिर भी ढहा, दर्जनों श्रद्धालु दबे, नौ शव बरामद

लैंड स्लाइड
हिमाचल में मची तबाही।

आरयू वेब टीम। भारी बारिश के चलते देश के कई स्थानों से भूस्खलन की घटना सामने आई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से मची तबाही में सोमवार दोपहर तक 21 लोगों की जान जा चुकी थी। इसी बीच शिमला के समरहिल इलाके में में लैंड स्लाइड की चपेट में आने से शिव मंदिर भी ढह गया है, जिसमें करीब 50 श्रद्धालु मलबे में दब गए। हादसे के बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। राहत बचाव के दौरान टीम ने अपरान्‍ह 12 बजे तक नौ श्रद्धालुओं के शव निकाले थे।

बताया जा रहा है कि सावन का सोमवार होने की वजह से शिव मंदिर में श्रद्धालओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान भूस्खलन का मलबा शिव मंदिर के ऊपर गिरने से ये हादसा हो गया। पुलिस और प्रशासन रेस्क्यू अभियान में जुटा है। दरअसल हिमाचल प्रदेश में बारिश और भूस्खलन से हाहाकार मचा हुआ है। प्रदेश भर में भारी बारिश का कहर जारी है। बारिश की वजह से जगह-जगह लैंडस्लाइड हो रही है। इसकी वजह से कई सड़कें बंद हो गई हैं, दर्जनों से ज्‍यादा भवन जमीदोज हो चुके हैं।

फागली में भी भूस्खलन, चार की मौत

शिमला के फागली में भी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन की चपेट में एक मकान आ गया। इसमें चार लोगों के शव मिले हैं। अभी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है।

शिव मंदिर के ढह जाने के बाद हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि शिमला से दुखद खबर सामने आई है, जहां भारी बारिश के चलते समर हिल में शिव मंदिर ढह गया। अब तक नौ शव निकाले जा चुके हैं। स्थानीय प्रशासन मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए मलबे को हटाने के लिए तत्परता से काम कर रहा है।

सीएम सुक्खू ने आज पूर्वान्‍ह ये भी कहा है कि बीते 24 घंटों में प्रदेश में 21 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही बताया कि हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर त्रासदी हुई है, पिछले 48 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। राज्य के विभिन्न हिस्सों से बादल फटने और भूस्खलन की खबरें सामने आई हैं, जिससे बहुमूल्य जान-माल का नुकसान हुआ है। मैं लोगों से आग्रह करता हूं कि वे फिसलन वाले क्षेत्रों से बचें और जल निकायों से दूर रहें।”

यह भी पढ़ें- अंडमान-निकोबार से उत्‍तराखंड तक भूकंप से कांपी धरती, घरों से निकले लोग

बता दें कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते दोनों राज्यों में कई स्थानों पर कुदरत का कहर देखने को मिला। भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। हिमाचल में ब्यास नदी उफान पर है, तो वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के पौड़ी में गड़वाल में अलखनंदा नदी की धारा भी लोगों को डराने लगी है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, भक्तों से भरी जीप खाई में गिरी, नौ श्रद्धालुओं की मौत