J-K: पाक ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्‍लंघन, गोलाबारी में एक जवान शहीद, आठ घायल

आतंकी घटना
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। 

पाकिस्तानी सेना अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रही है। पाक सेना ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर सोमवार को लगातार दूसरे दिन संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारी गोलाबारी की, जिसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया, जबकि गोलीबारी में आठ जवान घायल हो गए हैं।

रक्षा प्रवक्‍ता ने स्‍थानीय मीडिया को बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पाकिस्तानी सेना ने राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर मोर्टार से गोले दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने इसका करारा जवाब दिया।

यह भी पढ़ें- J-K पुलिस: कुलगाम मुठभेड़ में मारे गए तीन आतंकवादियों में से दो थे पाकिस्तानी नागरिक

गोलीबारी में राइफल मैन करमजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां से सभी घायलों को एयर लिफ्ट कर अस्पताल उदमपुर में इलाज के लिए ले जाया गया है।

शहीद की पहचान सिपाही करमजीत सिंह (24) के रूप में हुई है। करमजीत सिंह पंजाब के मोगा जिले के धर्म कोट तहसील के जनेर गांव निवासी थे। करमजीत सिंह का जन्म 15 नवंबर 1994 को हुआ था। करमजीत सिंह अभी तक अविवाहित थे।

यह भी पढ़ें- J-K: कुलगाम में सुरक्षाबलों ने मार गिराए पांच आतंकी, चार जवान घायल

रक्षा प्रवक्‍ता ने सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें निडर और बहादुर सैनिक बताया। उन्होंने कहा, ‘‘सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए राष्ट्र हमेशा उनका आभारी रहेगा।’’ अधिकारियों के मुताबिक सुंदरबनी सेक्टर में केरी बट्टल सीमावर्ती इलाके में गोलाबारी हुई। पाकिस्तान सेना ने रविवार को भी बिना किसी उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में मार गिराए दो आतंकी, चार जवान शहीद