योगी सरकार के 52 में से पांच महिलाएं बनीं मंत्री, जानें इनके बारे में कुछ खास बातें

यूपी की महिला मंत्री

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही आज से योगी सरकार की दूसरी पारी शुरू हो गयी है। सीएम योगी आदित्‍यनाथ समेत 52 मंत्रियों को इस बार सरकार में जगह दी गयी है। इनमें दस प्रतिशत से भी कम महिलाओं को हिस्‍सेदारी मिल सकी है। आधी आबादी को योगी के मंत्रिमंडल में काफी कम यानि की मात्र पांच महिलाओें को ही हिस्‍सेदारी मिली है। 18 कैबिनेट मंत्रियों में महिला के रूप में मात्र बेबी रानी मंत्री बनाया गया है।

इसके अलावा 14 राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) में भी एक ही महिला गुलाब देवी को जगह मिली है। हालांकि कैबिनेट व स्‍वतंत्र प्रभार के मुकाबले राज्‍य मंत्रियों की हालत कुछ बेहतर है, योगी सरकार ने 20 में से तीन महिलाओं को राज्‍यमंत्री बनाया है। इस प्रकार कुल पांच महिलाओं को योगी सरकार के मंत्रिमंडल में जगह मिली है।

महिला मंत्रियों से जुड़ी कुछ खास बातें-

बेबी रानी मौर्य (कैबिनेट मंत्री)-

उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी को खास यूपी चुनाव के लिए वापस लाया गया था। बेबी रानी पश्चिमी और ब्रज क्षेत्र की बड़ी जाटव नेता मानी जाती हैं। आगरा ग्रामीण से जीतकर विधानसभा पहुंची। वह आगरा की मेयर और राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य भी रहीं। 1990 में भाजपा से जुड़ने वाली मौर्य ने संगठन में कई अहम पदों की जिम्मेदारी संभाली।

यह भी पढ़ें- योगी के दूसरे मंत्रिमंडल में दिनेश शर्मा, आशुतोष टंडन व सतीश महाना समेत इनको नहीं मिली जगह
गुलाब देवी (राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार)-

पश्चिमी यूपी में सत्ता विरोधी लहर के बावजूद जीतकर विधानसभा पहुंची गुलाब देवी को फिर से योगी कैबिनेट में जगह मिली है। गुलाब देवी योगी मंत्रिमंडल में पहले भी मंत्री रहीं। वह संभल जिले की आरक्षित सीट चंदौसी से विधायक हैं। उन्होंने सपा की विमलेश कुमारी को हराया था।

रजनी तिवारी (राज्य मंत्री)-

रजनी तिवारी हरदोई जिले की शाहाबाद विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक चुनी गईं हैं। 47 साल की रजनी ने इस बार समाजवादी पार्टी के मोहम्मद आसिफ को हराया है। रजनी के पास कुल 2.82 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

विजय लक्ष्मी गौतम (राज्य मंत्री)-

59 साल की विजय लक्ष्मी गौतम सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र से इस बार विधायक चुनी गई हैं। पहली बार में ही उन्हें योगी सरकार में राज्यमंत्री बना दिया गया। 1992 से राजनीति शुरू करने वाली विजय लक्ष्मी गौतम भाजपा महिला मोर्चा की देवरिया नगर की अध्यक्ष रही हैं। इसके अलावा भाजपा की नगर उपाध्यक्ष, जिला महिला मोर्चा की दो बार अध्यक्ष, भाजपा जिला मंत्री, भाजपा गोरखपुर क्षेत्र की मंत्री और भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रही हैं।

प्रतिभा शुक्ला (राज्य मंत्री)-

कानपुर देहात के अकबरपुर-रनिया से विधायक चुनी गईं प्रतिभा को राज्यमंत्री का पद मिला है। प्रतिभा शुक्ला 2017 में पहली बार विधायक बनीं थीं। भाजपा के साथ महिलाओं को जोड़ने में भी प्रतिभा की अहम भूमिका रही है। 61 साल की प्रतिभा परास्नातक हैं। उनके पास 4.64 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

यह भी पढ़ें- यूपी के फिर मुख्‍यमंत्री बनें आदित्‍यनाथ योगी, केशव मौर्या व ब्रजेश पाठक ने भी ली डिप्‍टी सीएम पद की शपथ, देखें पूरी लिस्‍ट