जयंती पर जनेश्‍वर मिश्र की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर बोले अखिलेश, “यूपी में अधिकारी कर रहें लगातार भ्रष्‍टाचार, मुख्‍यमंत्री की जानकारी में है सब”

जनेश्‍वर मिश्र जयंती
जनेश्‍वर मिश्र की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते अखिलेश यादव साथ में अन्य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को जनेश्‍वर मिश्र पार्क पहुंचे, यहां सपा सुप्रीमो ने जनेश्‍वर मिश्र की प्रतिमा पर पुष्पांजलि की। साथ ही कहा कि, जनेश्‍वर मिश्र जी ने कोई भी समाजवादी आंदोलन रहा हो उसको सफल बनाने में अपना पूरा जीवन लगा दिया। आज हम उनको याद कर रहे हैं तो संकल्प लेते हैं कि समाजवादी आंदोलन को आगे लेकर जाएंगे। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना भी साधा।

अखिलेश ने कहा यूपी में अधिकारी लगातार भ्रष्टाचार कर रहे है और ये सब मुख्यमंत्री की जानकारी में हो रहा तो उत्तर प्रदेश कैसे आगे बढ़ेगा? भारतीय जनता पार्टी धर्म का दुरुपयोग करके कुर्सी हथियाना चाहती है। भाजपा देश की गंगा-जमुनी तहजीब के खिलाफ है। जनता को गुमराह कर समाज को बांटना चाहती है। भाजपा नकारात्मक राजनीति कर रही है। भाजपा वालों को अपनी चिंता करनी चाहिए कि उनके डब्बे अपने आप को इंजन समझ रहे है। डबल इंजन की सरकार के इंजन टकरा रहे है।

भाजपा भ्रष्टाचार के नए तरीके का आविष्कार कर…

भाजपा पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने रिटायर्ड आईएएस अधिकारी को चीफ सेक्रेट्री बना रखा है, प्रदेश में पूर्णकालिक डीजीपी नहीं है। भाजपा भ्रष्टाचार के नए-नए तरीके का आविष्कार कर रही है और महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। इससे विकास अवरूद्ध हो गया है। मणिपुर जैसी घटनाओं के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। मणिपुर में महिलाओं को अपमानित किया गया। देश का सिर शर्म से झुक गया। भाजपा की सरकारों में महिला उत्पीड़न की घटनाएं बहुत बढ़ गई हैं। भाजपा महिलाओं को सम्मान नहीं दिला सकती है।

सच्चे लोगों को पड़ेगा आगे आना

इतना ही नहीं भाजपा देश की सामाजिक सद्भाव खराब कर नफरत पैदा कर रही है। ऐसे में सच्चे लोगों को आगे आना पड़ेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि जनेश्‍वर मिश्र जी ने हमेशा सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी। उन्होंने गैरबराबरी, सामाजिक और आर्थिक भेदभाव मिटाने तथा साम्प्रदायिकता के खिलाफ लड़ाई लड़ी। उन्होंने समाजवादी सिद्धांतों को डॉ. राममनोहर लोहिया और नेताजी जी मुलायम सिंह यादव और अन्य समाजवादी नेताओं के साथ मिलकर आगे बढ़ाया। समाजवादी पार्टी उनके ही आदर्शों पर चल रही है।

यह भी पढ़ें- हर जिले में मेडिकल कॉलेज के योगी सरकार के दावे पर बोले अखिलेश, भाजपाराज में बुरी तरह चरमराई स्वास्थ्य सेवाएं

इस दौरान जनेश्‍वर पार्क में उपस्थित प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं में जूही सिंह, रविदास मेहरोत्रा, मीरा वर्धन, मधु गुप्ता, अम्बिका चौधरी, डॉ. सुनीलम, अरविन्द कुमार सिंह सहित सर्वश्री बी.पाण्डेय, मोहम्मद फहद, राजेश यादव, अरविन्द गिरि, अभिषेक यादव, सिद्धार्थ सिंह, डॉ. इमरान, कृष्ण कन्हैया पाल, डॉ. राजपाल कश्यप, विकास यादव, अम्बरीष सिंह पुष्कर, सोनू कन्नौजिया, सीएल वर्मा व पूजा शुक्ला समेत सैकड़ो नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- यूपी में अब सांड़ रक्षा पुलिस भी होनी चाहिए, अखिलेश ने दी योगी सरकार को सलाह