नड्डा ने राहुल गांधी को बताया राष्ट्र विरोधी टूलकिट का हिस्सा, खड़गे ने किया पलटवार

खड़गे ने किया पलटवार

आरयू वेब टीम। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के लंदन में दिए गए कथित तौर पर विवादित भाषण पर भाजपा लगातार हमला बोल रही। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि राहुल गांधी निर्वाचित बहुमत वाली सरकार और 130 करोड़ भारतीयों का अपमान कर रहे हैं। यह देशद्रोहियों को मजबूत करना नहीं तो क्या है? विदेशी धरती पर राहुल गांधी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया और यूरोप व अमेरिका को हस्तक्षेप करना चाहिए। इससे ज्यादा शर्मनाक और क्या हो सकता है?

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी पर पलटवार किया है। खड़गे ने कहा कि बीजेपी खुद राष्ट्र विरोधी हैं और वो दूसरों को राष्ट्र विरोधी कह रहेंं, क्योंकि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है और वो अडानी घोटाले मामले, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे छुपाने के लिए वो ऐसी बातें कर रहे।

आज जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस अब देश विरोधी गतिविधियों का हिस्सा बन चुकी है। राहुल गांधी अब इस राष्ट्रविरोधी टूलकिट का स्थायी हिस्सा बन गए हैं। ऐसे समय में जब भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन रहा है और यहां जी20 की बैठकें हो रही हैं, राहुल गांधी विदेशी धरती पर देश और संसद का अपमान कर रहे हैं। नड्डा ने कहा कि दुर्भाग्य की बात यह है कि देश विरोधी गतिविधियों में कांग्रेस पार्टी शामिल हो गई है। जनता द्वारा बार-बार नकार दिए जाने के बाद अब राहुल गांधी इस देशविरोधी टूलकिट का एक स्थायी हिस्सा बन गए हैं।

यह भी पढ़ें- राहुल के बयान पर संसद में हंगामा, लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। आजादी के बाद से भारत के इतिहास में, यहां तक ​​कि सबसे कठिन समय में भी भारत के किसी भी नेता ने कभी भी विदेशी शक्तियों से भारत सरकार के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील नहीं की। स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह एक बहुत ही गंभीर मामला है। किसी दूसरे देश द्वारा भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की मांग करना भारत की संप्रभुता पर हमला है। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि यूरोप और अमेरिका से भारत के घरेलू मामलों में हस्तक्षेप करने का आग्रह करने के पीछे उनकी क्या मंशा है।

कांग्रेस ने दिया भाजपा को जवाब

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी बीजेपी पर पलटवार किया है। खड़गे ने कहा कि बीजेपी खुद ही राष्ट्रविरोधी हैं और दूसरो को वो राष्ट्रविरोधी कह रहे हैं क्योंकि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है और वो अडानी मामले, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को छुपाने के लिए वो ऐसी बातें कर रहे हैं। क्या राहुल गांधी कभी राष्ट्रविरोधी हो सकते हैं? लोकतंत्र के बारे में अगर कहीं भाषण होता है और कोई उस पर बात करे तो क्या वो राष्ट्रविरोधी होते हैं? खुद मोदी जी ने छह-सात देशों में जाकर भारत के नागरिकों का अपमान किया तो पहले उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- समापन रैली में बोले राहुल गांधी, ‘भारत जोड़ो यात्रा’’ का मकसद भारत के उदार, धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को बचाना