कानून-व्यवस्था व अपराध के मुद्दे पर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था
प्रदर्शन करते कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। प्रदेश में कानून-व्यवस्था, महिल उत्‍पीड़न और बढ़ते अपराध के विरोध में शनिवार को कांग्रेस ने हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष राजबब्‍बर की अध्‍यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांति धुन गाकर विरोध प्रदर्शन किया।

योगी सरकार के माथे पर कलंक हैं, गैंगरेप की घटनाएं

वहीं इस दौरान योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था खत्म होने के कगार में है, ऐसा लगता है कि जंगलराज कायम हो गया है। जेल से लेकर सड़क तक हत्याएं हो रही हैं। जेल के अंदर किसी की हत्या यह सिद्ध करने के लिए काफी है कि जेल के अंदर एक समानांतर अपराधिक साम्राज्य सरकार के संरक्षण में चलाया जा रहा है। महिलाओं के साथ हो रहे बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। रेप और गैंगरेप की घटनाएं सरकार के माथे पर कलंक है। अपना हक मांगने वालों पर लाठी और गोली बरसायी जा रही है।

यह भी पढ़ें- कंप्यूटर क्रांति की शुरुआत कर राजीव गांधी ने रखी थी डिजिटल इंडिया की नींव: राजबब्‍बर

योगी सरकार में लोगों के मौलिक अधिकारों का सरेआम हनन हो रहा है। चारों ओर अराजकता का माहौल है। महिला उत्पीड़न की घटनाएं दिनों-दिन इतना वीभत्स रूप लेती जा रही हैं कि उनको मंदिरों के हवन कुण्ड में जलाया जा रहा है। घर में घुसकर ऐसिड डालकर हत्या की जा रही है।

यह भी पढ़ें- “भारत बचाओं” कार्यक्रम के बाद प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, कई घायल

प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था
गांधी प्रतिमा पर पुष्‍प अर्पित करते राजबब्‍बर, नसीमुद्दीन सिद्दीकी साथ में अन्‍य।

वहीं कल लोकसभा का जिक्र करते हुए कहा कि संसद में राहुल गांधी ने आम आदमी की आवाज उठाई है, हम गांधी जी के विचारों पर चलते हैं। हम अपने दुश्मनों को भी गले लगा कर समझाने का प्रयास करते हैं। राजबब्बर ने कहा कि यह भाजपा सिर्फ जुमलों की सरकार है।

जीएसटी के चलते बंद होने की कगार पर हैं व्‍यापार

प्रदर्शन के दौरान राज बब्‍बर ने मोदी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा व्यापारी हो या छोटे दुकानदार, मोदी सरकार की अन्याय करने वाली जीएसटी से बुरी तरीके से पीड़ित हैं, उनके व्यापार बंद होने की कगार पर हैं। जबकि मीडिया का भी लगातार उत्पीड़न हो रहा है। मीडिया की आवाज दबायी जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए घातक है।

इससे पहले उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजबब्बर और अन्‍य वरिष्‍ठ नेताओं ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्‍प अर्पित कर प्रदर्शन की शुरूआत की। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं ने राम धुन गाकर प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीज के दोमों को लेकर कांग्रेसियों ने विधानसभा के सामने किया प्रदर्शन

प्रदर्शन करने वालों में एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक सिराज मेंहदी, डॉ. आरपी त्रिपाठी, सतीश अजमानी, हरीश बाजपेयी, श्यामकिशोर शुक्ला, अखिलेश प्रताप सिंह, फजले मसूद के अलावा कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता हनुमान त्रिपाठी, सुबोध श्रीवास्तव, वीरेन्द्र मदान, अशोक सिंह,द्विजेन्द्र त्रिपाठी, अमरनाथ अग्रवाल, प्रमोद सिंह, सिद्धार्थप्रिय श्रीवास्तव, आयाज खान ‘अच्‍छू’, ओंकारनाथ सिंह, सिद्धि श्री, शीला मिश्रा, लक्ष्मी वर्मा, सुशीला सोनकर, सुमन प्रजापति, गंगा सिंह व आरपी सिंह समेत कांग्रेस के सैकड़ों नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।