कर्नाटक विधानसभा चुनाव: 12 मई को होगा मतदान 15 को आएंगे नतीजे

कर्नाटक विधानसभा चुनाव
चुनाव की जानकारी देते आयुक्त ओम प्रकाश रावत।

आरयू वेब टीम। 

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है। मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त ओम प्रकाश रावत ने चुनाव के तारीखों का मंगलवार ऐलान कर दिया। कर्नाटक में एक ही चरण में चुनाव होगा। चुनाव 12 मई को होगा।

इसके लिए 17 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। चुनाव आयोग ने बताया कि नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल 2018 होगी। वहीं 15 मई को मतगणना के बाद परिणाम आ जाएंगे।

वीवीपीएटी का होगा इस्‍तेमाल

मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त ने कहा कि इस बार चुनाव में कुल 4.96 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। वोटिंग में ईवीएम के साथ वीवीपीएटी का भी इस्‍तेमाल किया जाएगा। मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्‍यान रखा जायेगा। चुनावी खर्च पर आयोग की विशेष नजर होगी। सभी पोलिंग बूथ पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक में बोले राहुल, कर्ज तो सिर्फ अमीरों के होते हैं माफ, किसान मोदी सरकार की नीतियों में नहीं हैं शामिल

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल 2018 होगी। चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने पहले ही कमर कस ली है। कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी लगातार कर्नाटक के दौरे पर हैं, वहीं भाजपा की ओर से अमित शाह भी कर्नाटक पर नजरें जमाए हुए हैं।

उल्‍लेखनीय है कि कर्नाटक में 225 सदस्‍यों की विधानसभा है, लेकिन सिर्फ 224 सीटों के लिए चुनाव होता है, क्‍योंकि एक सीट एंग्लो-इंडियन समुदाय के नाम से है। इस सीट पर किसी एंग्‍लो-इंडियन समुदाय के सदस्‍य को मनोनित किया जाता है। चुनाव प्रचार के लिए तमाम दल अभी से जुटने लगे हैं। राहुल गांधी के लिए यह राज्‍य बचाना एक चुनौती हो सकता है। मुख्‍यमंत्री सिद्धारमैया कांग्रेस का किला बचाने में जुटे है।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के झांसे में नहीं आएंगे कर्नाटक के लोग: पीयूष गोयल

चुनाव को लेकर भाजपा भी अपना दावं आजमा रही है। भाजपा ने बी एस येदियुरप्पा को मुख्‍यमंत्री पद का उम्‍मीदवार बनाया है। 2013 के विधानसभा चुनाव में राज्य की कुल 224 सीटों में से कांग्रेस ने 122 सीटों पर कब्‍जा जमाया था। वहीं भाजपा के खाते में 40 और जेडीएस के खाते में भी 40 सीटें आयी थीं। भाजपा से बगावत कर चुनाव लड़ने वाले बीएस येदियुरप्पा की केजेपी महज 6 सीटें जीत सकी थी। इसके अलावा अन्य को 16 सीटें मिली थी। बाद में येदियुरप्पा दोबारा बीजेपी के साथ आ गए।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक पहुंचे राहुल का मोदी पर पलटवार, जनता ने आपको देश का अतीत जानने के लिए नहीं बनाया प्रधानमंत्री