आरयू ब्यूरो,
लखनऊ। जिस तरह से स्वाधीनता आंदोलन से देश को आजादी दिलाने में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपना योगदान दिया। ठीक उसी प्रकार लोकतंत्र सेनानियों ने इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र को बचाने में अपनी अहम भूमिका अदा की। ये बातें रविवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोक निर्माण विभाग के हाल में आयोजित लोकतंत्र सेनानी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में कही।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि मैं लोकतंत्र की रक्षा करने वाले सेनानियों को नमन करता हूं। हमारा देश लोकतांत्रिक मूल्यों में भरोसा करता है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का शासन होता है। जनता ने हम पर भरोसा किया है, उसके विश्वास को कायम रखने के साथ ही भाजपा सरकार देश और प्रदेश को नंबर वन बनाएगी।
करना है भ्रष्टाचार मुक्त प्रगतिशील देश का निर्माण
केशव मौर्या ने पीएम की बात करते हुए आगे कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबसे शक्तिशाली बनकर आगे आया है। हमे भ्रष्टाचार मुक्त प्रगतिशील देश का निर्माण करना है और हमारी सरकार इस दिशा में आगे बढ़ रही है, आज भ्रष्टाचारी जेल में है।
यह भी पढ़ें- भगवान राम के नाम का जलाइये दीया, बहुत जल्द शुरू होगा काम: योगी
इस दौरान डिप्टी सीएम ने लोकतंत्र सेनानियों को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए गंभीरता से विचार कर रही है। जल्द ही कल्याणकारी निर्णय लिए जाएंगे। इससे पहले केशव मौर्या ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आये सेनानियों के अलावा भाजपा सरकार के मंत्री, नेता व अन्य लोग मौजूद रहें।




















