किसी भगवान की पूजा के लिए भाजपा का आदेश मानने को मजबूर नहीं: ममता बनर्जी

भगवान की पूजा

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि वह किसी खास भगवान की पूजा करने के लिए भाजपा के आदेश का पालन करने के लिए मजबूर नहीं हैं। साथ ही ममता ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा लोगों को धमकी दे रही है कि अगर उसे वोट नहीं दिया जाएगा, तो वह लोगों के घरों के पर सीबीआइ और ईडी भेज देगी।

दरअसल बंगाल सीएम एक सरकारी प्रोग्राम में हिस्सा लेने आज कूचबिहार पहुंची हुई हैं। जहां लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘भाजपा लोगों को फोन पर धमकी दे रही है कि अगर उन्होंने उसे वोट नहीं दिया तो उनके घर ईडी, सीबीआइ भेज दी जाएगी।’ ममता ने आगे कहा, ‘वह किसी विशेष भगवान की पूजा करने के भाजपा के आदेश का पालन करने के लिए बाध्य नहीं हैं।’ उत्तर बंगाल का उनका दौरा लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है। ममता ने पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान भी किया है।

गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने रविवार से अपने पांच दिनों के उत्तर बंगाल के जिलों के दौरे की शुरुआत की है। उनका ये दौरा ऐसे समय पर हो रहा है, जब उत्तर बंगाल से ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ गुजरी है। ममता ने न्याय यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण नहीं मिलने पर दुख जताया था।

यह भी पढ़ें- इंडिया गठबंधन को झटका, ममता ने किया अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान

ममता ने कूचबिहार में कुछ सरकारी प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया है। ममता के इस दौरे को लोकसभा चुनाव के लिए शंखनाद के तौर पर देखा जा रहा है। पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं। ममता की नजर कम से कम 30 सीटों पर जीत हासिल करने पर है। कूचबिहार के बाद ममता दार्जिलिंग के सिलिगुड़ी में एक अन्य कार्यक्रम में जाने वाली हैं।

यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी को पत्र लिख भाजपा ने किया 22 जनवरी को अवकाश घोषित करने का आग्रह