आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने सभी जिलों में कार्यकर्ताओं के लिए मंगलवार को निर्देश जारी किया है। जिसमें लल्लू ने कहा कि बुधवार को कांग्रेस द्वारा प्रदेशव्यापी भाजपा के सांसदों और विधायकों के आवासों-कार्यालयों के घेराव किया जाएगा और किसान विरोधी तीनों काले कृषि कानूनों को वापस लिये जाने के लिए भाजपा के जनप्रतिनिधियों के आवास-कार्यालयों पर ताली, थाली बजाकर प्रदर्शन किए जाएंगे।
इस संबंध में कांग्रेस प्रवक्ता प्रभाकर पांडेय का कहना है कि, प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू के नेतृत्व में कोरोना और नए कृषि कानूनों के पहले से किसानों के लिए कांग्रेस जमीन पर काम कर रही थी। कांग्रेस किसानों के इस कानून के आने के पहले ही फरवरी 2020 में उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने ‘किसान जनजागरण अभियान’ शुरू किया था।
यह भी पढ़ें- किसान आंदोलन पर कृषि राज्य मंत्री की दो टुक, कानून वापस लेने का सवाल नहीं
इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता और नेताओं ने लगभग साढ़े सात लाख किसान परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी थीं। सितंबर 2020 में योगी सरकार ने “विकास” दिखाने के लिए फैजाबाद में एयरपोर्ट और चौड़ी सड़कें चुनी, वो भी किसानों की भूमि की कीमत पर।
वहीं फैजाबाद के किसान भूमि अधिग्रहण के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। उनके इस प्रदर्शन को बल देने और अपनी भागीदारी तय करने अजय कुमार ‘लल्लू’ भी पहुंचे। इसके बाद योगी सरकार ने वही किया जो वो हमेशा करते हैं। लल्लू जी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उन्होंने 28 दिन जेल में बिताए।




















