पहले चरण का मतदान
अरुणांचल प्रदेश के एक बूथ पर वोट डालने पहुंचे मतदाता।

आरयू वेब टीम। 

देश के 20 राज्‍यों की 91 लोकसभा सीट पर आज छिटपुट हिंसा के बीच मतदान संपन्‍न हो गया है। पहले चरण की इस वोटिंग में कुल 1279 उम्मीदवारों की किस्‍मत ईवीएम में कैद हो गई। मतदान के बाद प्रेसवार्त कर चुनाव आयोग ने मीडिया को बताया कि अगर छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो मतदान शांतिपूर्ण रहा।

चुनाव आयोग के अनुसार लोकसभा चुनाव के पहले चरण में सिक्किम (एक सीट) पर 69%, मिजोरम (एक सीट) में 60%, नगालैंड (एक सीट) में 78%, मणिपुर (एक सीट) 78.2%, त्रिपुरा (एक सीट) में 81.8%, असम (पांच सीट) में 68%, पश्चिम बंगाल (दो सीट) में 81%, फीसदी मतदान हुआ। वहीं अरुणाचल प्रदेश (दो सीट) में 66%, बिहार (चार सीट) में 50%, लक्षद्वीप (एक सीट) में 66%, महाराष्‍ट्र (सात सीट) में 56%, मेघालय (दो सीट) में 67.16%, ओडिशा (चार सीट) में 68%, उत्तर प्रदेश (आठ सीट) में 63.69% वोटिंग हुई है। अंतिम आंकड़ा बढ़ने की उम्‍मीद है।

इंतजार और राजनीतिक दलों के चुनावी इंतजाम के बाद लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हुई थी। जो शाम छह बजे तक, कुछ जगाहों पर लंबी लाइन की वजह से इसके बाद तक चली। इस दौरान अनगिनत जगहों से ईवीएम के खराब होने के अलावा हिंसा की भी खबरें आती रहीं।

शाम पांच बजे तक उत्‍तर प्रदेश में 59.77 प्रतिशत मतदान के अलावा बिहार में 50.26 प्रतिशत, तेलंगाना में 60.57, मेघालय 62 फीसदी, मणिपुर में 78.20 प्रतिशत, लक्‍क्षदीप में 65.9 प्रतिशत जबकि असम में 68 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी थी। इससे पहले दोपहर तीन बजे तक यूपी की आठ लोकसभा सीटों में से सहारानपुर में 54.18 प्रतिशत, कैराना में 52.40, मुजफ्फरनगर में 50.60, बिजनौर में 50.80, मेरठ में 51, बागपत में 51.20, गाजियाबाद में 47 व गौतम बुद्धनगर में 49.72 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी थी।

दूसरी ओर पहले से ही विवादों में रही ईवीएम के खराब होने की आज देशभर से शिकायतें आ रही हैं। जम्‍मू–कश्‍मीर के नेता उमर अब्दुल्ला ने भी आज ट्वीट कर आरोप लगाया कि पुंछ के मतदान केंद्रों पर कांग्रेस का बटन काम नहीं कर रहा। वहीं अकेले यूपी के सहारनपुर में दोपहर तक 100 से ज्यादा ईवीएम मशीनों में खराबी आने के बाद बदला गया है। ईवीएम में खराबी आने से मतदान कई जगाहों पर सुबह ठप रखने की भी खबरें आतीं रहीं।

यह भी पढ़ें- 11 अप्रैल से सात चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव, 23 मई को आएंगे नतीजे, जानें कुछ अहम बातें

वहीं आज दोपहर यूपी के कैराना में कुछ लोगों बिना आइडी के मतदान केंद्र में घुस गए। जिसके बाद बीएसएफ के जवानों को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। पूरा मामला कांधला के रसूलपुर गुजरान गांव का है। दूसरी ओर आंध्र प्रदेश के अनंतपुर से एक बड़ी खबर आयी। यहां हुई झड़प में तेलुगु देशम पार्टी के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। टीडीपी ने आरोप लगाया है कि इसके पीछे वाइएसआरसीपी के कार्यकर्ताओं का हाथ है।

इसके अलावा आंध्र प्रदेश के कुर्नूल में हिंसक झड़प देखने को मिली है। यहां वाइएसआर कांग्रेस और टीडीपी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई है। इस हिंसा में टीडीपी उम्मीदवार भूमा अखिल प्रिया के पति और सुरक्षाबल के जवान घायल हो गए हैं। इनके अलावा भी मतदान के दौरान जगह-जगह से हिंसा की छोटी-बड़ी घटनाओं की खबरें आती रहीं। हालांकि इसके बाद भी मतदाताओं का जोश वोटिंग के प्रति बना रहा।

यह भी पढ़ें- VotingLive2019: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पोलिंग बूथ पर IED धमाका, छत्‍तीसगढ़ में भी बारूदी सुरंग में किया गया विस्‍फोट

बताते चलें कि प्रथम चरण में कुल 1279 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनकी किस्‍मत का फैसला 14 करोड़ 20 लाख 54 हजार 978 मतदाता करेंगे। मतदातों में प्रतिशत की बात करें तो इनमें सात करोड़ 21 लाख पुरुष मतदाता, छह करोड़ 98 लाख महिला मतदाता हैं। इनके लिए 1.70 लाख मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

यह भी पढ़ें- #VotingRound1: वीडियो शेयर कर महबूबा ने कहा, BJP को वोट नहीं देने पर BSF ने की मतदाता की पिटाई

पहले चरण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। आज केंद्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह, नितिन गडकरी, हंसराज अहीर, किरण रिजीजू, कांग्रेस की रेणुका चौधरी, एआइएमआइएम के असदुद्दीन ओवैसी जैसे नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।

वहीं रालोद के अजित सिंह का मुकाबला उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा के संजीव बालियान से है, जबकि उनके बेटे जयंत चौधरी बागपत सीट पर केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह को चुनौती दे रहे हैं। लोजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के सांसद पुत्र चिराग पासवान बिहार में जमुई सीट से उम्मीदवार हैं।

यह भी पढ़ें- #LokSabhaElections2019: यूपी में सातों चरण में होगा मतदान, देखें किस शहर में कब होगी वोटिंग