अखिलेश का योगी पर तंज, अब ’मंत्र’ से सरकार करेगी जनता की समस्‍याओं का समाधान

मंत्र
सपाईयों के बीच अपनी बात रखते पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। योगी सरकार को उलझाने, बहकाने वाली सरकार बताते हुए पूर्व मुख्‍यमंत्री ने उनपर हमला करने के साथ ही तंज भी कसा है। पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर आज अखिलेश यादव ने एक कार्यक्रम में सपाईयों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का उद्देश्य वोट के लिए नफरत फैलाना है। दिवाली, रमजान, श्मसान और कब्रिस्तान के सवाल उठाकर जनता को भ्रमित किया।  अब गरीब लोगों को उजाड़ा जा रहा है। योगी सरकार गरीबों के विरूद्ध है, बदले की भावना से यह काम कर रही है। उससे विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- छात्र-छात्राओं को गंभीर धाराओं में भेजा गया जेल, अखिलेश ने कहा योगी सरकार का लोकतंत्र में नहीं है भरोसा

बजट पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि सरकार की सच्चाई सामने आ गई है उसके बजट में जनता के हित में कुछ भी नहीं है। भाजपा ने नोटबंदी फिर जीएसटी में जनता को उलझा दिया। जीएसटी व्यवस्था किसी की समझ तक में नहीं आ रही है। यह बड़े कारोबारियों के फायदे के लिए है। किसान की कर्जमाफी भी भूलभुलैया की भेंट चढ़ जाएगी। यह किसान के साथ धोखा है। समाजवादी सरकार की जनहित योजनाएं बंद कर दी गई हैं। ऐसा लगता है कि अब योगी सरकार ‘‘मंत्र‘‘ से ही जनता के सभी समस्याओं का समाधान कर देंगी।

मुस्लिमों के सहायोग को हटा दें तो दो प्रतिशत रह जाएगी विकास दर

प्रदेश के विकास पर बात करते हुए पूर्व मुख्‍यमंत्री बोले कि प्रदेश की विकास दर छह प्रतिशत बताई गई, जबकि प्रदेश की तरक्की में मुस्लिमों के सहयोग को हटा दे तो विकास दर मात्र दो प्रतिशत रह जाएगी। समाजवादी पेंशन बड़ी योजना थी। इसे बंद कर दिया गया। लोक कल्याणकारी योजनाओं से भाजपा सरकार इसलिए चिढ़ रही है कि उनसे ‘समाजवादी‘ शब्द जुड़ा था। झाड़ू़ समस्या नहीं है, कूड़ा ही स्थायी समस्या है।

अभी से करें 2019 की तैयारी

प्रदेश के चुनाव में तगड़ी हार झेल चुके अखिलेश यादव ने कहा कि अगामी लोकसभा के चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दें। 2019 में जीत हमारी होगी, क्‍योंकि जनता बहकाने वालों की सच्‍चाई जान चुकी है। जनता अब उनके जाल में नहीं फंसने वाली है।

नियंत्रण से बाहर है कानून-व्‍यवस्‍था

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राज में उत्‍तर प्रदेश में अपराध बेतहाशा बढ़े हैं। अपराध नियंत्रण का दावा करने वाले मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि उनकी सरकार ने कितने बड़े अपराधियों, भूमाफियाओं और भ्रष्टाचारियों को पकड़ा है। कितने अपराधी जेल में है और कितने प्रदेश छोड़कर चले गए? अखिलेश ने आगे दावा किया कि सच तो यह है कि अपराधी बेखौफ हैं, पुलिस का मनोबल गिरा हुआ है और कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण के बाहर है।

गिनाई अपनी उपलब्धियां 

सपा मुखिया ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि सपा सरकार में महिलाओं सुरक्षा के लिए 1090 सेवा की शुरूआत की थी। बेकारी दूर की गई थी। वृक्षारोपण का रिकार्ड समाजवादी सरकार में बना था। समाजवादी पार्टी की सरकार में बिना केंद्र सरकार की मदद के सड़के बनाई गई थी। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसी सड़क देश में नहीं हैं। 300 किलोमीटर सड़क दो वर्ष में बनाई गई थी, जबकि लंदन में भी 6 लेन की 120 किलोमीटर सड़क 6 वर्ष में बनी थी।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने साधा योगी सरकार पर निशाना, कहा आप रंग से चाहते हैं लोगों को डराना

सपा के मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेन्‍द्र चौधरी ने मीडिया को बताया कि आज सैकड़ों लोगों ने प्रदेश कार्यालय पर  अखिलेश यादव से मिलकर अपनी समस्याएं बताईं। अपने साथ उत्पीड़न की शिकायतें लेकर आए कई लोगों ने भाजपा सरकार के उपेक्षापूर्ण रवैये की बात कही है। बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर महिलाओं ने बताया कि उन्हें अपमानजनक स्थिति से गुजरना पड़ रहा है। सीएम के संसदीय क्षेत्र गोरखपुर से आए दर्जनों लोगों ने भी कहा कि समाजवादी सरकार के मुकाबले की कोई जनहितकारी योजना नहीं है।

यह भी पढ़ें- मात्र एक शर्त पर शिवपाल अखिलेश से समझौते को तैयार