मतदान की अपील कर योगी ने कहा, चार लाख युवाओं को मिलेगी नौकरी, गड़बड़ी करने वाले अधिकारी जाएंगे जेल

अधिकारी जाएंगे जेल
मंच से वोट के लिए अपील करते सीएम समेत तमाम दिग्गज।

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। आज स्थानीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के आखिरी दिन कपूरथला, अलीगंज की सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आपने भारी बहुमत से केंद्र व प्रदेश की सरकार बनाई है। हमारा नगरीय जनजीवन को बेहतर बनाने का दृढ संकल्प है। आपसे नगर निकाय के चुनाव में भारी बहुमत से हमारी मेयर प्रत्याशी संयुक्‍ता भाटिया और सभासद प्रत्याशियों को जिताने की अपील करता हूं।

पिछले 15 सालों की सरकारों ने नगर निकायों को चलने नही दिया गया है। हमारी सरकार निकायों को स्वावलम्बी बनाना चाहती है। आर्थिक रूप से सुदृढ करना चाहती है। आपको पानी की व्यवस्था, जल की निकासी, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन समेत अन्‍य बुनियादी सुविधाएं हम देंगे।

अधिकारी जाएंगे जेल
जनसभा को संबाधित करते योगी आदित्यनाथ।

यह भी पढ़ें- निकाय चुनाव में वोट डालकर बोले योगी भाजपा के प्रत्‍याशी प्रदेश भर में हासिल करेंगे प्रचंड बहुमत

युवाओं के लिए अभी आने वाले समय में चार लाख भर्तियां होने वाली है। उसमें से 50 हजार भर्तियां पुलिस की करने जा रहे हैं। मैं आप को विश्वास दिलाता हूं कि हमारी सरकार में भर्तियां चेहरा देखकर नहीं होगी, बल्कि मेरिट के आधार पर होगी और जिस भी अधिकारी या कर्मचारी ने गड़बडी की उसको पकड़ कर जेल में डाला जाएगा और उनकी सारी संपत्तियों को सरकार जब्त कर लेगी। अब जंगलराज की सरकार नहीं भाजपा की सरकार है।

बदमाश छोड़ रहे प्रदेश तो व्‍यापारी और उद्योगपति कर रहें वापसी

सपा व बसपा को निशाना बनाते हुए सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों में व्याप्त भ्रष्टाचार और अपराध की वजह से व्यापारी और उद्योगपति प्रदेश से पलायन कर गए थे। जब से भाजपा की सरकार यूपी की सत्ता में आयी है। गुण्डे बदमाश प्रदेश छोडकर भाग रहे हैं या तो जेल में डाले जा रहे है। कई दुर्दान्त अपराधी पुलिस मुठभेड में मारे जा चुके हैं। प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण है। अब भय का वातावरण समाप्त होने के कारण बडी संख्या में उद्योगपति और व्यापारी आज प्रदेश में पुनः निवेश करके उद्योग लगाना चाह रहे हैं।

यह भी पढ़ें- मायावती के फैसले पर महेंद्र पाण्‍डेय ने पूछ बसपा में भाई के अलावा कोई ईमानदार कार्यकर्ता नहीं है

2019 तक 24 लाख गरीब परिवार को मिलेगा घर

गरीबों को घर देने की बात करते हुए मुख्‍यमंत्री ने जनता से कहा कि बीते पांच वर्षों में 29000 आवास समाजवादी सरकार ने बनाए थे और पिछले आठ महीनों में 11 लाख गरीबों के आवास हमने बना दिये हैं। 2019 तक हम 24 लाख आवास बना देंगे और 2022 तक कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं होगा जिसके सर पर छत न हो।

सफाई कर्मियों को सीधे मिलेगी कमाई

वहीं अपनी उपलब्धियों के बारे में बताते हुए मुख्‍यमंत्री ने कहा कि 45000 मजरे हम रोशन कर चुके हैं। 20 लाख से अधिक बिजली कनेक्शन हम फ्री उपलब्ध करवा चुके हैं। आज उत्तर प्रदेश को हमारे प्रधानमंत्री जी ने 13 स्मार्ट सिटी दी है। हम नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के बीच से बिचौलियों को खत्म कर देंगे। सफाई कर्मचारियों को अब उनकी कमाई सीधे बैंक खातों में मिलेगी।

इन्‍होंने भी किया जनता को संबोधित

मुख्‍यमंत्री के अलावा सभा को भाजपा की मेयर प्रत्याशी संयुक्‍ता भाटिया, पूर्व मंत्री एवं सांसद लालजी टण्डन, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री आशुतोष टण्डन ने मुख्‍यमंत्री के साथ ही जनता का भी सभा को सफल बनाने के लिए आभार व्‍यक्‍त किया।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार ने कमिश्‍नर रैंक के पांच अधिकारियों समेत तीन डिप्‍टी SP को दी अनिर्वाय सेवानिवृत्ति

सभा में पूर्व मंत्री डॉ. अशोक बाजपेयी, प्रदेश मंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, विधायक नीरज बोरा, प्रदेश मीडिया सम्पर्क प्रमुख मनीष दीक्षित, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी आलोक अवस्थी, मनोहर सिंह, अंजनी श्रीवास्तव, शेष नारायण मिश्र सहित कई अन्य प्रमुख नेता व प्रदाधिकारी उपस्थित थे। सभा का संचालन महानगर महामंत्री त्रिलोक सिंह अधिकारी ने किया।