मुंबई में CAA के विरोध में सकुशल संपन्न हुआ प्रदर्शन, तो बॉलीवुड के सितारों ने मुंबई की जनता व पुलिस को दिया धन्यवाद

अगस्त क्रांति मैदान

आरयू वेब टीम। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जहां उत्‍तर प्रदेश समेत देश के कई प्रदेशों में हिंसा हुई। वही मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में गुरुवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था, जो शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। इसे लेकर बॉलीवुड सितारे मुंबई के लोगों के साथ ही मुंबई पुलिस की तारीफ कर रहे हैं। बॉलीवुड एक्टर फरहान अख्तर सहित अन्य लोग मुंबई पुलिस की सराहना कर रहे हैं।

प्रदर्शन खत्म होने के बाद बॉलीवुड एक्टर फरहान अख्तर ने ट्वीट कर कहा कि ‘आज शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए वेलडन मुंबई और मुंबई पुलिस की भी तारीफ बनती है, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखा।’

साथ ही फरहान अख्तर ने कहा कि किसी मुद्दे पर विरोध की आवाज उठाना आपका लोकतांत्रिक हक है। लोग अपनी आवाज उठा रहे हैं। मेरा मानना है कि जो कुछ भी हो रहा है उसमें एक तरह का भेदभाव नजर आ रहा।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में CAA के खिलाफ प्रदर्शन, बवाल, फायरिंग में युवक की मौत, फूंकीं गई पुलिस चौकी व दर्जनों वाहन, तोड़फोड़, पथराव, लाठीचार्ज

वहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस अदिति राव हैदरी ने भी मुंबई के प्रदर्शन को लेकर ट्वीट कर कहा कि ‘भारतीयों के लिए भारत, समावेश के लिए भारत, एकता के लिए भारत, मानवता के लिए भारत, इसे इसी तरह अंजाम दिया गया है। हमारा ख्याल रखने के लिए धन्यवाद मुंबई पुलिस।’

मालूम हो कि आज मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में भी बड़ी रैली हुई। बड़ी संख्या में लोग इस रैली में पहुंचे। मुंबई में राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ तानाशाही नहीं चलेगी जैसी नारेबाजी की।

प्रदर्शन में कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और अन्य पार्टियां शामिल हुईं, रैली में कई बॉलीवुड अभिनेता भी शामिल हुए। इसके अलावा पुणे और नागपुर में कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ।