‘शत्रुघ्न सिन्हा के गठबंधन प्रत्‍याशी का प्रचार करने पर नाराज हुए प्रमोद कृष्‍णम, कहा काट रहे हैं कांग्रेस का वोट

प्रमोद कृष्णम
प्रमोद कृष्णम (फाइल फोटो।)

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। राजधानी लखनऊ लोकसभा सीट से केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को बड़ी चुनौती दे रहे कांग्रेस प्रत्‍याशी प्रमोद कृष्णम ने शुक्रवार को अपनी ही पार्टी के नेता शत्रुघ्न सिन्हा पर निशाना साधा है। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने ‘शत्रुघ्न सिन्हा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्‍होंने कांग्रेस जरूर जॉइन कर लिया हैं, लेकिन उन्होंने आरएसएस से इस्तीफा नहीं दिया है। वो लखनऊ सपा-बसपा गठबंधन प्रत्‍याशी अपनी पत्‍नी पूनम सिन्हा के लिए प्रचार कर रहे हैं और कांग्रेस का वोट काट रहे हैं।

आरएसएस के खिलाफ नहीं दिया एक भी बयान 

आचार्य प्रमोद ने कहा उनका पूरा परिवार आज भी आरएसएस से जुड़ा हुआ हैं। साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि पूनम सिन्हा भी आरएसएस में है। यहीं वजह है कि आज तक शत्रुघ्न सिन्हा ने आरएसएस के खिलाफ एक भी बयान नहीं दिया है। प्रमोद कृष्णम दावा करते हुए कहते हैं कि राजनाथ सिंह से उनकी बड़ी नजदीक की मित्रता है। उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा पर सियासी वार करते हुए कहा कि आप आरएसएस में रहिए, लेकिन आप राहुल गांधी को धोखा क्यों दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में पैदल ही नामांकन दाखिल करने पहुंचे कांग्रेस के लोकसभा उम्‍मीदवार आचार्य प्रमोद, कहा केंद्र की झूठी सरकार को है हटाना

प्रमोद कृष्णम ने आगे कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा को मैं पार्टी का नेता नहीं मानता, क्‍योंकि वो सच्चे मन से पार्टी से नहीं जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि वो आज भी सपा के झंडे तले खड़े हैं। जिसका नतीजा है कि कांग्रेस में उनके इस रवैये से आक्रोश है, हालांकि, प्रमोद कृष्णम ये भी दावा करने से नहीं चूके कि कांग्रेस ही हिन्दू-मुसलमान को एक रख सकती है और अयोध्या जैसे मुद्दों का समाधान भी कांग्रेस के पास ही है।

यहां बताते चलें कि शत्रुघ्‍न सिन्‍हा गुरुवार को घंटाघर के पास आयोजित सपा की जनसभा में शामिल हुए थे। साथ ही इससे पहले वे पूनम सिन्हा के नामांकन के दौरान रोड शो में भी मौजूद थे और उनके लिए प्रचार कर रहे थे, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- शत्रुघ्‍न सिन्‍हा की पत्‍नी पूनम सिन्‍हा ने थामा सपा का दामन, लखनऊ में राजनाथ सिंह को देंगी टक्‍कर