पश्चिम बंगाल में अमित शाह ने बोला राहुल-प्रियंका और ममता बनर्जी पर हमला, 23 मई को जनता तय कर देगी कौन है दुर्योधन

बेलडा
बेलडा में रैली को संबोधित करते अमित शाह।

आरयू वेब टीम। 

भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह आज पश्‍चिम बंगाल पहुंचे हैं। यहां के बेलडा में रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और प्रियंका गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश की जनता को बताएं कि क्या उनके पिता जी के समय बोफोर्स घोटाला नहीं हुआ था क्या? भोपाल गैस कांड नहीं हुआ था क्या? शान्ति सेना का ब्लंडर हुआ था या नहीं? कश्मीरी पंडितों का नरसंहार हुआ था या नहीं? शाह ने कहा कि राहुल बाबा कह रहे हैं कि उनके पिता जी का अपमान किया गया। सच्चाई याद दिलाना अपमान है क्या?

पुराने प्रधानमंत्री का अपमान होता है तो बिलखने लगते हैं कांग्रेसी 

भाजपा अध्‍यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेता मोदी जी को अपशब्द कहते हैं, गाली देते हैं, लेकिन पुराने प्रधानमंत्री का अपमान होता है तो कांग्रेसी बिलखने लगते हैं। अभी के प्रधानमंत्री का अपमान होता है तो आप कुछ नहीं कहते हो। गौरतलब है कि पिछले दिनों एक रैली में पीएम मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी पर तंज किया और कहा था कि ‘मिस्टर क्लीन’ का जीवनकाल ‘भ्रष्टाचारी नंबर वन’ के रूप में समाप्त हुआ था।

यह भी पढ़ें- अमित शाह का बड़ा ऐलान, 75 साल से अधिक उम्र के नेताओं को नहीं दी जाएगी जिम्‍मेदारी

इस दौरान अमित शाह ने प्रियंका गांधी पर हमला करते हुए कहा कि अभी-अभी प्रियंका गांधी ने मोदी जी को दुर्योधन कहा….प्रियंका जी देश की जनता 23 मई को तय कर देगी की दुर्योधन कौन है और अर्जुन कौन… वहीं बंगाल की मुख्‍यमंत्री पर हमला करते हुए भाजपा अध्‍यक्ष ने कहा कि ममता दीदी ने लोकतंत्र का गला घोंटकर रख दिया है। पंचायत चुनाव में भाजपा के 60 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी। बंगाल की जनता को वोट नहीं देने दिया। लोकसभा के चुनाव में वो भी जनता को वोट नहीं देने देती है।

हम श्री राम का नाम भारत में नहीं लेंगे तो, पाकिस्तान में लेंगे क्या

इससे पहले भाजपा अध्‍यक्ष ने पश्चिम बंगाल के पश्‍चिम मिदनापुर में चुनावी जनसभा को संबोधित कर ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए कहा कि मैं तीन दिन से देख रहा हूं बंगाल में जय श्री राम बोलने पर ममता दीदी को ऐतराज हो रहा है। मैं ममता दीदी से पूछना चाहता हूं दीदी अगर हम श्री राम का नाम भारत में नहीं लेंगे तो पाकिस्तान में लेंगे क्या? उन्होंने कहा कि घटल वालों आप मेरे साथ संघर्ष करने के लिए तैयार हो ना? मेरे साथ बोलिए- जय श्री राम , जय जय श्री राम… ममता दीदी अब आपसे जो बन पड़ता है कर लीजिए, जो धारा लगनी है लगा दीजिए, मगर हमे जय श्री राम का नारा लगाने से कोई नहीं रोक सकता।

यह भी पढ़ें- नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनने से नहीं रोक सकती कोई ताकत: योगी

भारती जी बहुत बड़े मार्जिन से जीतने वाली है चुनाव 

भाजपा अध्‍यक्ष ने आगे रैली को संबोधित करते हुए कहा कि ये चुनाव देश के लिए मोदी जी ने जो काम किया उसके लिए लड़ा जा रहा है, लेकिन बंगाल में ये चुनाव लोकतंत्र की बहाली और ममता दीदी की सत्ता से मुक्त करने के लिए लड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ममता दीदी को हमारी बहन भारती घोष से कुछ ज्यादा ही प्यार है, क्योंकि भारती जी ने ममता के गैरकानूनी आर्डर को लेने से अस्वीकार कर दिया था। आज आप के उत्साह को देखकर मैं कह सकता हूं के भारती जी बहुत बड़े मार्जिन से चुनाव जीतने वाली है।

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री का सपा-बसपा पर हमला, महामिलावटी पार्टियां अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की बढ़ती ताकत को नहीं करना चाहतीं स्वीकार