PDA यात्रा को झंडी दिखा अखिलेश ने कहा, ये करेगी लोकतंत्र बचाने का काम

पीडीए यात्रा
यात्रा को पार्टी का झंडा दिखाकर रवाना करते अखिलेश यादव साथ में अन्‍य नेता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव से पूर्व समाजवादी पार्टी ने बुधवार को संविधान बचाओ-देश बचाओ को लेकर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) यात्रा निकाली। यात्रा के पहले चरण की शुरूआत में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय से हरी झंडी दिखा यात्रा को रवाना किया। साथ ही अखिलेश ने राहुल भारती और उनके साथियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा कई जिलों में जाकर लोगों को सपा से जोड़ेगी।

सपा मुखिया ने कहा कि पीडीए यात्रा पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यकों और पीड़ित अगड़ों को जोड़ेगी और समाजवादी आंदोलन को मजबूत करेगी। इस दौरान विरोधियों पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान और लोकतंत्र खत्म कर रही है। पीडीए यात्रा और पीडीए पंचायत उसे बचाने का काम करेगी। पीडीए यात्रा के माध्यम से लोकतंत्र की रक्षा का संदेश गांव-गांव तक जाएगा। नए साल में परिवर्तन की आवाज उठी है। बदलाव होना तय है।

साथ ही सपा प्रमुख ने कहा कि हम इंडिया गठबंधन को मजबूत कर रहे हैं। हम पीडीए को मजबूत करके इंडिया गठबंधन को मजबूत करेंगे। लोकसभा चुनाव में हमारा पीडीए भाजपा के एनडीए को हराएगा। भाजपा के सबका साथ के नारे से गैरबराबरी समाप्त नहीं हो सकती है। पीडीए हमारे लिए भगवान है। सपा पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों को सम्मान और हक दिलाने की लड़ाई लड़ रही है। सपा सरकार आने पर जातीय जनगणना करा सभी को सामाजिक न्याय दिलाया जाएगा।

बीजेपी पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा आज कुछ पार्टियां समाज में जहर घोलने का काम कर रही है। नफरत फैला रही है। भाजपा सरकार से किसान-नौजवान सभी लोग परेशान हैं। महंगाई-बेरोजगारी से आम जनता त्रस्त है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण इनके दस साल के कार्यकाल में आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली है। भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को ऐसे रास्ते पर पहुंचा दिया है जहां नौकरियां खत्म हो रही है। नौजवान सीवी लेकर घूम रहे हैं। पढ़े लिखे नौजवान वेटर और डिलीवरी बॉय की नौकरी करने पर मजबूर है। युवाओं को सम्मानजनक नौकरी नहीं मिल रही है। दूसरी ओर भाजपा सरकार तीर्थयात्रा पर है। पीड़ित लोगों की तकलीफ कौन सुनेगा?

यह भी पढ़ें- अखिलेश का दावा, पिछड़े-दलित व अल्पसंख्यकों को भाजपा मानती है शूद्र, पूछा, कुलपतियों की नियुक्तियों में PDA को कितना दिया प्रतिनिधित्व

इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद, मो0 शकील नदवी प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी अल्पसंख्यक सभा, रामसागर यादव, समेत बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, महंगाई-बेरोजगारी रोकने में फेल BJP सरकार को लोकसभा चुनाव में हराएगा INDIA