कल्याण सिंह को देखने PGI पहुंचे CM योगी, जाना हाल

कल्याण सिंह
कल्याण सिंह का हाल पूछते मुख्यमंत्री।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की हालत स्थिर बनी हुई है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर उनका हाल जानने हॉस्पिटल पहुंचे। संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कल्‍याण सिंह की  स्थिति में पिछले दिन की तुलना में हल्का सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री के समक्ष उन्होंने आंखें खोलीं और सीएम के ‘कैसे हैं’ पूछने पर हल्की प्रतिक्रिया दी।

इस दौरान उनके साथ सांसद पुत्र राजवीर सिंह भी मौजूद रहे। वहीं वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम उनके उपचार का निरीक्षण कर रही है। पीजीआइ ने हेल्थ बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि उनकी चैतन्यता की स्थिति में पिछले दिन की तुलना में हल्का सुधार हुआ है।

यह भी पढ़ें- पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह लोहिया में भर्ती, हाल जानने पहुंचे CM योगी

इससे पहले शनिवार देर रात लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने के बाद रविवार शाम को संजय गांधी पीजीआई में शिफ्ट किया गया था। सूचना मिलने पर सीएम योगी लोहिया में कल्याण सिंह को देखने पहुंचे थे।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री योगी से फोन पर वार्ता कर उनकी बेहतर देखभाल का निर्देश भी दिया था। वहीं रविवार को लखनऊ पहुंचे रक्षा मंत्री को जैसे ही पता चला कि कल्याण सिंह की तबियत खराब है और वो अस्पताल में भर्ती हैं, उन्होंने अपने कार्यक्रम में बदलाव किया और लोहिया अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उनके साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी थे।

यह भी पढ़ें- UP के पूर्व सीएम कल्याण सिंह के स्वास्थ्य को लेकर पीएम मोदी चितिंत, CM योगी को किया फोन