कन्‍नूर के जंगल में पुलिस की माओवादियों से मुठभेड़, असलहा बरामद

माओवादियों से मुठभेड़

आरयू वेब टीम। केरल पुलिस और माओवादियों के बीच कन्‍नूर जिले में मुठभेड़ हुई है। माओवादियों ने जंगल के अंदर पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार, माओवादियों से निपटने के लिए गठित थंडरबोल्ट दस्ता सोमवार सुबह घने जंगलों में नियमित निगरानी पर था, जब उन्होंने दो माओवादियों को देखा, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की जिससे कुछ देर तक गोलीबारी होती रही। आधे घंटे बाद पुलिस ने इलाके का निरीक्षण किया और खून के निशान देखे, साथ ही तीन बंदूकें भी बरामद कीं। पुलिस टीम ने कहा कि उनकी टीम के किसी भी सदस्य को कोई चोट नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि गोलीबारी के बाद माओवादी कर्नाटक की सीमा से लगे घने जंगलों में भाग गए। पुलिस ने 30 अक्टूबर के बाद अपनी निगरानी बढ़ा दी है, जब वन निरीक्षक पर पांच सदस्यीय माओवादी गिरोह ने गोलीबारी की थी।

यह भी पढ़ें- घात लगाए नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट, दस जवान शहीद

पिछले हफ्ते केरल पुलिस ने इसी इलाके से दो माओवादियों को पकड़ा था। वहीं, पिछले हफ्ते वायनाड के एक वन क्षेत्र में भी थंडरबोल्ट और माओवादियों के बीच गोलीबारी हुई थी। इस मुठभेड़ में दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया था।

यह भी पढ़ें- सुकमा के जंगल में सुरक्षाबलों ने नक्सली जनताना सरकार अध्यक्ष को किया ढेर