प्रियंका की मोदी सरकार से मांग, जरूरतमंदों को दें तत्‍काल दस हजार, महाराष्‍ट्र सरकार गिराने का भी लगाया आरोप

पांच साल संविदा

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन के बीच गुरुवार को मजदूरों, गरीबों व जरुरतमंदों की मांगों को लेकर कांग्रेस के करीब 52 हजार नेता व कार्यकर्ता अपने तय कार्यक्रम स्‍पीक अप इंडिया के तहत आज फेसबुक लाइव हुए। इसी कार्यक्रम के तहत आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार से देश के हर जरूरतमंद के बैंक खातों में दस हजार रुपए तत्‍काल भेजने की मांग की है।

साथ ही प्रियंका ने आज कोरोना वायरस जैसी महामारी के बीच मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोदी सरकार से कहा है महाराष्ट्र की सरकार को देखिए, वहां महामारी का भयानक रूप है। वहां की सरकार लड़ रही है, सहयोग देने की बजाय आप महाराष्‍ट्र सरकार को गिराना चाह रहे हैं। उसे अस्थिर करना चाहते हैं। मैं खासतौर पर आपको कहना चाहती हूं कि यह सहयोग करने का समय है। हम सबके ऊपर इस देश की जनता का कर्ज है। आप ऋणी हैं, हम ऋणी हैं। हर सुख-दुख में जनता ने साथ दिया है। आपकी विजय में जय-जयकार किया। हमारी पराजय में हमारे साथ खड़े रहे।

…ताकि सरकार उनकी बात सुनें

वहीं कांग्रेस के फेसबुक लाइव कार्यक्रम के बारे में प्रियंका ने कहा कि आज देशभर में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उन लोगों के पक्ष में अपनी आवाज उठा रहे हैं जो लॉकडाउन और कोरोना महामारी के प्रभाव से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। हम यह काम इसलिए कर रहे हैं, ताकि सरकार उनकी बात सुने। 10 हजार रुपये हर जरूरतमंद के अकाउंट में डाला जाए यह मांग है। हमारी दूसरी मांग है कि अगले 6 महीने तक  प्रतिमाह 7500 रुपये जरूरतमंद लोगों के खाते में डाला जाए।

उनके ऊपर कर्ज न हो…

प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि इसके साथ-साथ जो प्रवासी मजदूर अपने गांव पहुंच चुके हैं उनके लिए मनरेगा के कार्य दिवस 100 से 200 दिन तक बढ़ाया जाए। जो लोग लॉकडाउन से जूझ रहे हैं, जिनके पास कोई बिजनेस नहीं है, जो छोटे उद्योग वाले हैं, छोटे दुकानदार हैं, बुनकर हैं। उनकी मदद के लिए सरकार कुछ करें उनको एक आर्थिक पैकेज दे। उनके ऊपर कर्ज ना हो उनके हाथ में पैसा आए ताकि इस मुश्किल वक्‍त में उनका गुजारा चल सके।

यह भी पढ़ें- मजदूरों के लिए हजार बसें चलाने की प्रियंका ने मांगी CM योगी से अनुमति, कहा कांग्रेस उठाएगी पूरा खर्च, राष्‍ट्रनिर्माताओं को ऐसे ही नहीं जा सकता छोड़ा

हमारी बसों को नकारा, आपकी कागज पर चल रही

वहीं योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए प्रियंका ने कहा कि जब यूपी में आपने हमारी 1000 बसों को नकार दिया। हमने आपसे कहा था कि आप अपने बैनर पोस्टर लगा लीजिए। हमें उससे कोई परहेज नहीं है। आप ने ऐलान किया था कि 12 हजार बसें यूपी परिवहन की आप चलाएंगे, लेकिन आज तक वह कागज पर चल रही हैं। उन्हें सड़कों पर नहीं उतारा गया।

जनता तड़प रही, भारत मां रो रही, आप मौन है

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज देश की जनता दुखी है, परेशान है, तड़प रही है। एक बेटा बैल बनकर अपने परिवार को बैठाकर बैलगाड़ी खींच रहा है। एक बेटी अपने पिता को साइकिल पर बैठा कर 600 किलोमीटर साइकिल चलाकर गांव ले जा रही है। श्रमिक ट्रेनों में लाशें पड़ी हैं। एक बच्चे का दम अपने पिता की गोद में टूट रहा है। एक मां की लाश प्लेटफार्म पर पड़ी है उसका बच्चा उसे जगाने की कोशिश कर रहा है। इस देश की एक-एक मां इस दृश्य को देख कर रो रही है। हमारी भारत माता रो रही हैं। आप मौन हैं, आप कुछ बोल नहीं रहे है।

साथ ही प्रियंका ने कहा कि, हम जो उठा रहे हैं वह कोई राजनीतिक मांग नहीं है। यह मानवीयता के आधार पर मांग है। आप से आग्रह कर रहे हैं कि राजनीति छोड़िए। जिस जनता ने हम सब को बनाया है, उसका साथ दिया जाए।अब समय है कि हम सब लोग और आप भी जनता का साथ दें।

प्रदेश अध्‍यक्ष गिरफ्तार हुए हैं, लेकिन हिम्‍मत नहीं हारे कार्यकर्ता

महासचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बहुत सारे कार्यकर्ता भी मुझे फेसबुक पर देख रहे होंगे। मैं आपको दिल से धन्यवाद देना चाहती हूं। हमारे अध्यक्ष (अजय कुमार लल्‍लू) गिरफ्तार हुए हैं, लेकिन हिम्मत नहीं हारे। मुझे पता है कि वह वहां भी लड़ रहे होंगे आप सब उनके साथ खड़े हुए हैं आपने बार-बार आवाज उठाई है। हम लड़ रहे हैं, लड़ते रहेंगे। यह हमारा कर्तव्य है कि हम सबके लिए आवाज उठाएं और न्याय मांगे। मैं आप सभी को धन्यवाद देना चाहती हूं पिछले डेढ़ महीनों में आपने अपने साधनों से आज तक 90 लाख लोगों तक मदद की और कर रहे हैं।

यह वक्‍त राजनीत का नहीं

कांग्रेस महासचिव ने फेसबुक लाइव पर कहा कि देखिए, मैं आपसे एक खास आग्रह करना चाहती हूं। सभी राजनैतिक पार्टियों से खास करके भाजपा से कि यह वक्‍त राजनीति का नहीं है। यह समय पूरे देश को इकट्ठा होने का है। सभी पार्टी के राजनेताओं को वैचारिक मतभेदों को भुलाकर हम सबको सबकी मदद करना है।

यह भी पढ़ें- UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू फिर गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए जेल