आरयू ब्यूरो, लखनऊ। 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने
प्रदेशवासियों सहित देशवासियों को इसकी शुभकामनाएं दी है। साथ ही कहा कि ये भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों व राष्ट्रीय एकता का महान उत्सव है।
लोकभवन द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का महान उत्सव है। उन्होंने कहा, “यह पर्व हमें भारतीयता के उस गौरवपूर्ण स्वरूप का स्मरण कराता है, जो हमें विविधता में एकता के सूत्र में बांधता है।”
यह भी पढ़ें- दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन की छात्राओं को नसीहत, आम खाने के बाद लोग फेंक देते हैं गुठलियां
आनंदीबेन ने कहा, “गणतंत्र दिवस हमें संविधान की गरिमा, उसकी शक्ति और हमारे दायित्वों को समझने तथा आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।” राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस अवसर पर संविधान निर्माताओं के आदर्शों एवं महापुरुषों के सपनों को साकार करने का संकल्प लें तथा एकजुट होकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं।




















