पूर्व UGC चेयरमैन धीरेन्द्र पाल सिंह बनें यूपी के मुख्‍यमंत्री के शिक्षा सलाहकार, जानें इनसे जुड़ी कुछ खास बातें

प्रो. धीरेन्द्र पाल सिंह

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिये प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शासन की ओर से प्रख्यात शिक्षाविद प्रो. धीरेन्द्र पाल सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शिक्षा सलाहकार नामित किया गया है। नियोजन विभाग के सचिव आलोक कुमार की ओर से इस संबंध में पत्र जारी कर दिया गया है।

धीरेन्द्र पाल सिंह 2018 से 2021 तक विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के चेयरमैन रह चुके हैं। उन्होंने लगभग चार दशकों के अपने करियर में भारतीय उच्च शिक्षा में कई अकादमिक संस्थाओं का नेतृत्व किया है। कुलपति के रूप में प्रोफेसर सिंह ने तीन विश्वविद्यालयों का नेतृत्व किया है, जिसमें बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी, डॉ. एच एस गौर विश्वविद्यालय, सागर और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर शामिल हैं।

इसके अलावा उन्‍होंने निदेशक के रूप में राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद (नैक) का नेतृत्व किया है। साथ ही केंद्रीय शिक्षा सलाहकार बोर्ड, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद, यूनेस्को के साथ सहयोग के लिए भारतीय राष्ट्रीय आयोग, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की कार्यान्वयन समिति आदि के पदेन सदस्य के रूप में भी योगदान दिया है। उन्‍होंने अध्यक्ष के रूप में यूजीसी के शासी परिषदों के अध्यक्ष के रूप में आठ अंतर-विश्वविद्यालय केंद्रों का मार्गदर्शन भी किया।

यह भी पढ़ें- UP: अब बोर्डिंग स्कूल में पढ़ सकेंगे श्रमिकों के बच्चे, 18 मंडलों में बनेंगे अटल आवासीय विद्यालय

प्रो. सिंह को अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों और परियोजनाओं का भी अच्‍छा अनुभव है। उन्‍हें पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार, दशक के पर्यावरणविद् (पूर्वांचल) पुरस्कार, भारत ज्योति पुरस्कार, यूपी रत्न पुरस्कार, आगरा विश्वविद्यालय गौरव श्री पुरस्कार, राजा बलवंत सिंह शिक्षा सम्मान, राष्ट्र निर्माता पुरस्कार जैसे कई सम्मान मिल चुके हैं।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी की सीनियर अफसरों को चेतावनी, परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी-भ्रष्‍टाचार पर होगी कार्रवाई