राज्‍यपाल, CM योगी व विधानसभा अध्‍यक्ष सहित अन्‍य दिग्‍गजों ने जनता को दी नए साल की शुभकामनाएं

नववर्ष की शुभकामनाएं

आरयू ब्‍यरो, लखनऊ। नए साल पर यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्‍टी सीएम केशव मौर्या सहित विभिन्न मंत्रियों ने प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य की मंगल कामना करते हुए नववर्ष की शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही कोरोना से बचाव का संदेश भी दिया है।

राज्यपाल ने बधाई संदेश में कहा कि प्रदेशवासियों के मंगलमय, रोगमुक्त व स्वस्थ्य जीवन की कामना है। नववर्ष सभी के लिए सुख, समृद्धि और शांति से परिपूर्ण हो। उन्होंने अपील की है कि सभी लोग कोरोना महामारी के परिप्रेक्ष्य में सावधान और सतर्क रहें। भीड़-भाड़ से बचें और शारीरिक दूरी के साथ मास्क का प्रयोग करते हुए नववर्ष का आनंद लें।

जबकि विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि नववर्ष उत्तर प्रदेश की 22 करोड़ जनता सुख-समृद्धि से परिपूर्ण हो। देश और प्रदेश, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निरंतर सफलता के नए क्षितिज स्पर्श करे।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2021 के शुभारंभ पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनकी सुख-समृद्धि की मंगल कामना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश को देश का एक विकसित और अग्रणी राज्य बनाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। विश्वास है कि प्रदेश को समृद्धि और विकास के रास्ते पर ले जाने के राज्य सरकार के प्रयासों को नए वर्ष में और गति मिलेगी। योगी ने नववर्ष पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों में कोविड-19 के प्रोटोकॉल और शारीरिक दूरी के पालन की अपील की है।

साथ ही उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुभकामना संदेश में कहा है कि नया वर्ष सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि व शांति लाए। उन्होंने देश व प्रदेशवासियों से कोरोना गाइडलाइन के पालन और स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग कर आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- नए साल के पहले दिन ही उपभोक्‍ताओं को झटका, कॉमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने संयुक्त संदेश में कहा है कि 2021 भारत के लिए नई उम्मीदों और प्रगति का वर्ष होगा। पूरे विश्व में भारत की कीर्ति बढऩे के साथ ही उत्तर प्रदेश भी प्रगति पथ पर और अधिक गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने वर्ष 2020 के अंतिम दिन उन डॉक्टर, सफाईकर्मियों, पुलिसकर्मियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने कोरोना काल में जनसेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।

इसी तरह विधायी एवं न्याय, ग्रामीण अभियंत्रण मंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री डॉ.महेंद्र सिंह, राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अशोक कटारिया, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री अनिल राजभर, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री ने भी शुभकामनाएं दी हैं।

यह भी पढ़ें- छह राज्यों में लाइट हाउस प्रोजेक्ट्स का उद्धाटन कर PM मोदी ने कही ये बातें