राज्यसभा से विदा हुए 72 सदस्य, PM मोदी ने कहा अच्छी बातों को करता हूं नोटिस

आरयू वेब टीम। राज्यसभा से रिटायर हो रहे 72 सदस्यों ने गुरुवार को राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू, उप सभापति हरिवंश नारायण सिंह, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाए। उच्च सदन के सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें विदाई देने से पहले यह फोटो सेशन आयोजित किया गया। इनमें से कुछ सदस्य इसी महीने और कुछ सदस्य कुछ समय बाद रिटायर होंगे। राज्यसभा में एक सदस्य का कार्यकाल छह साल का होता है। 2022 में कुल 72 सदस्यों का राज्यसभा में कार्यकाल पूरा हो रहा है।

वहीं राज्यसभा का कार्यकाल पूरा होने पर फोटो सेशन की परंपरा है। इसके बाद रिटायर होने वाले सदस्यों को विदाई दी जाती है। गुरुवार को इस आयोजन के चलते शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हुआ। संसद में सदस्यों को विदाई देते हुए पीएम मोदी ने इन सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ने कहा कि आपकी अच्छी बातों को मैं जरूर नोटिस करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी राज्यसभा सदस्यों को एक साथ संबोधित कर कहा कि मैं अलग-अलग सबके कार्यों का उल्लेख नहीं कर रहा हूं। आपकी जो अच्छी बातें हैं उसको मैं जरूर नोटिस करता हूं। मोदी ने कहा कि अनुभव से जो प्राप्त होता है, उससे समस्याओं के समाधान के सरल उपाय निकलते हैं। इससे गलतियां कम होती हैं। उन्होंने कहा कि आज जो साथी विदाई लेने वाले हैं, उनसे हम सब जो भी कुछ सीखे हैं, संकल्प करें कि उसे आगे बढ़ाने में सदन की मदद करेंगे। यह देश की समृद्धि के काम आएगा। उपराष्ट्रपति, वेंकैया नायडू 72 सेवानिवृत्त होने वाले सांसदों को अपने आवास पर डिनर भी देंगे।

आज राज्यसभा से 72 सदस्यों की विदाई हो गई। इन सभी सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। सभापति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर सदस्यों को विदाई दी। सदन के नेता पीयूष गोयल और नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहे। सेवानिवृत्त होने वाले इन सदस्यों में सात मनोनीत सदस्य भी शामिल हैं। सभापति नायडू ने घोषणा की थी कि गुरुवार को सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं होगा। विभिन्न दलों के नेता और सदस्यों को विदाई समारोह में बोलने का मौका दिया जाए।

राज्यसभा से विदा हुए सदस्यों में सदन में कांग्रेस के उपनेता आनंद शर्मा, एके एंटनी, भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी, एमसी मैरीकॉम और स्वप्न दासगुप्ता शामिल हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, सुरेश प्रभु, एमजे अकबर, जयराम रमेश, विवेक तन्खा, वी. विजयसाई रेड्डी का कार्यकाल जून में समाप्त होगा। जुलाई में सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों में पीयूष गोयल, मुख्तार अब्बास नकवी, पी. चिदंबरम, अंबिका सोनी, कपिल सिब्बल, सतीश चंद्र मिश्रा, संजय राउत, प्रफुल्ल पटेल और केजे अल्फोंस शामिल हैं। इन्हीं में एक नाम कांग्रेस के जी-23 ग्रुप के नेता कपिल सिब्बल का है, उनका कार्यकाल पूरा होने के साथ ही यूपी से कांग्रेस का राज्यसभा प्रतिनिधित्व भी खत्म हो गया।

वो यूपी से कांग्रेस के आखिरी और इकलौते बचे राज्यसभा सदस्य थे। सभी सदस्यों ने विदाई से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सभापति और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, उप सभा पति हरिवंश और लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला के साथ तस्वीरें खिंचवाईं

फिलहाल ये है राज्यसभा स्थिति

राज्यसभा में 31 मार्च के बाद पार्टियों की स्थिति की बात करें तो भाजपा के पास संख्या बल 99 की हो जाएगी। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस 31 मार्च के बाद 30 सदस्यों तक सिमट जाएगी। टीएमसी के पास 13 सीटें हैं जो बरकरार रहने जा रही हैं इसी तरह डीएमके दस, आप आठ सीटों पर पहुंच जाएगी और टीआरएस छह सीटों, वाईएसआर कांग्रेस छह भी सीटों के आंकड़े पर रहेगी, हालांकि जुलाई में कांग्रेस की सीटें और भी ज्यादा घट जाएंगी, ऐसे में मुमकिन है कि वो मुख्य विपक्षी पार्टी का भी दर्जा खो दे।

यह भी पढ़ें- TMC सांसद शांतनु सेन राज्यसभा से सस्पेंड, IT मंत्री से पेपर छीनकर था फाड़ा