‘आभार रैली’ में बोले प्रधानमंत्री, पिछली सरकारों ने दिल्लीवासियों की समस्या को ईमानदारी से हल करने की नहीं दिखाई इच्छा

आभार रैली
रैली को संबोधित करते प्रधानमंत्री।

आरयू वेब टीम। समस्याओं को लटकाकर रखना हमारी प्रवृत्ति नहीं है। यह हमारे संस्कार नहीं हैं और न ही राजनीति का हमारा यह रास्ता है, जिन लोगों पर आपने अपने घरों को नियमित कराने का भरोसा रखा था। वो खुद क्या कर रहे थे। ये दिल्लीवालों को जानना जरूरी है। पिछली सरकार ने दिल्ली वालों की समस्या को कभी ईमानदारी से हल करने के लिए इच्छा नहीं दिखाई।

उक्त बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को ‘आभार रैली’ संबोधित करते हुए कही। मोदी ने कहा कि समस्याओं को लटकाकर रखना उनका संस्कार नहीं है। कुछ लोग धीमी गति से काम करते हुए लटकाकर रखते थे। दरअसल, भाजपा ने राष्ट्रीय राजधानी की 1734 अवैध कॉलोनियों को नियमित करने पर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देने के लिए रामलीला मैदान में रैली आयोजित की है।

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी ने की कानपुर में नमामि गंगे प्रोजेक्‍ट की समीक्षा, बैठक के बाद किया गंगा निरीक्षण

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने दिल्ली के सबसे महंगे इलाकों में अपने लोगों को बंगले दिए और बंगलों के बदले उन्हें क्या मिला होगा वो आप जानते हैं। इन्होंने आपको घर देने के लिए कुछ किया भी नहीं और जब मैं इस काम को कर रहा था तब राह में रोड़े अटकाए। कॉलोनियों के नियमितीकरण का फैसला घर और जमीन के अधिकार से जुड़ा तो है ही यह दिल्ली के कारोबार को भी गति देने वाला है। मोदी ने कहा कि 1700 से अधिक कॉलोनियों को चिह्न‍ित करने का काम पूरा किया जा चुका है। इतना ही नहीं 1200 से अधिक कॉलोनियों के नक्शे भी पोर्टल पर डाले जा चुके हैं।

गौरतलब है कि दिल्ली में अवैध कॉलोनियों को नियमित करने से लगभग 40 लाख लोगों को मालिकाना हक मिलने का रास्ता साफ हुआ है। भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि कुल सात सांसदों, 281 मंडल अध्यक्षों, निगम पार्षदों, प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया था। हर मंडल से कम से कम पांच सौ लोगों को रैली में लाने के लिए पार्टी ने कहा था।

वहीं सीएए और एनआरसी को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच मोदी की रैली को अहम माना जा रहा है। हालांकि पीएम मोदी इस रैली से दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के अभियान का बिगुल फूंक रहे हैं।

यह भी पढ़ें- #CAA: विरोध के बावजूद गुजरात में नागरिकता संशोधन कानून के तहत 35 सौ शरणार्थियों का होगा रजिस्‍ट्रेशन