राष्‍ट्रीय चुनाव अधिकारी ने कहा, देश में सबसे ज्‍यादा यूपी ने बनाए हैं भाजपा के सदस्‍य

राधा मोहन
कार्यशाला को संबोधित करते राधा मोहन।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। देश की पहली कार्यशाला लखनऊ में हो रही है। उत्तर प्रदेश ने अच्छी रणनीति पर काम करते हुए देश में सर्वाधिक सदस्यता करायी है। एक कार्यकता के रूप में काम करते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और कुशल संगठक के रूप में सुनील बंसल जैसे महामंत्री संगठन ने आपके प्रदेश को पूरे भारत में आगे रखा है, यह गौरव की बात है। ये बातें शनिवार को बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय पर आयोजित भाजपा के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सदस्यता प्रमुख व जिलों के चुनाव अधिकारियों की कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी राधा मोहन सिंह ने कही।

भाजपा नेताओं को संबोधित करते हुए राधा मोहन ने कहा कि अगामी 15 दिसंबर तक राज्यों के चुनाव पूरा करने का लक्ष्य है। उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। साथ ही आंकड़ों के बारे में बात करते हुए उन्‍होंने आगे कहा कि यूपी में अब तक करीब एक करोड़ 55 लाख भाजपा के सदस्य बन चुके हैं, जिसमें 54 लाख नए सदस्य हैं। चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए भाजपा बूथ से लेकर राष्ट्रीय चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया से कराती है। 20 प्रतिशत से अधिक सदस्यता के लक्ष्य के साथ हम सदस्यता कराते है तथा हर समिति में लगभग 40 प्रतिशत नए सदस्य के चुनाव के साथ-स नए नेतृत्व को पहचान मिलती है। हम एक चुनौती के रूप में संगठन का निर्माण करते है।

…रोज नए कीर्तिमान स्थापित कर रही: स्वतंत्र देव

कार्यशाला में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा आशुतोष टण्डन के रूप में एक कुशल संगठक प्रदेश भाजपा को चुनाव अधिकारी के रूप में मिला है। हम यह संगठन चुनाव साल 2022 के विधानसभा चुनाव को ध्‍यान में रखते हुए कराएंगे। अच्छे कार्यकर्ताओं को हमें आगे लाना चाहिए। नए और पुराने कार्यकर्ताओं के संगम से यह पार्टी नरेंद्र मोदी एवं अमित शाह की तपस्या और योगी आदित्यनाथ के कठोर परिश्रम से रोज नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

यह भी पढ़ें- उत्‍तर प्रदेश में भाजपा नेता की घर में गला रेतकर हत्या, साथी की हो रही तलाश

नई और पुरानी सदस्यता मिलाकर लगभग एक करोड़…

प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने संगठन ने कहा कि उत्तर प्रदेश के 50 लाख नए सदस्य बनाने के लक्ष्य के साथ सदस्यता करते हुए अभी तक लगभग 54 लाख नए सदस्य बन चुके है। सदस्तया की अन्तिम तिथि 20 अगस्त हैं न्यूनतम 50 सदस्य बनानें वाले ही सक्रिय सदस्य हो सकेगें। चार दिन अभी सदस्यता के लिए शेष बचे है। इसमें 60 लाख तक नए सदस्य बनने का अनुमान है। नई और पुरानी सदस्यता मिलाकर लगभग एक करोड़ 70 लाख की सदस्यता का अनुमान है। प्राथमिक सदस्यता का सत्यापन 16 से 25 अगस्त तक, सक्रिय सदस्यता का सत्यापन 26 से 31 अगस्त तक होगा। 72 जिलों में सदस्यता का सत्यापन कार्य शुरू हो चुका है।

एक सितंबर से शुरू होगी सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया

प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने बताया कि एक सितंबर से भाजपा के सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। जिसमें 11 सितंबर को बूथ, 11 अक्टूबर को मण्डल, 11 नवंबर को जिला। इन तरीखों से 15 दिनों में प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया पूरी करते हुए पांच दिनों में बूथ, दो दिनों में मण्डल एक दिन में जिले के चुनाव होगें। इस प्रकार भाजपा के कुल 94 जिले, 1920 मण्डल, एक लाख 63 हजार बूथ के चुनाव होंगें।

आगे जानकारी देते हुए बताया कि चार श्रेणी में बूथों का चुनाव होगा जहां 50 सदस्य से कम होगें वहां की बूथ समिति 12 सदस्यों की होगी। जहां 50-150 सदस्य होगें वहां 18 की बूथ सदस्यों की समिति होगी। 150 से 300 के बीच 24 सदस्यों की समिति, जहां 300 से अधिक सदस्य होगें वहां 30 सदस्यों की समिति बनेगी।

परिसीमन समिति भी हुई घोषित

बैठक में आज परिसीमन समिति भी घोषित हुई है। जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य के नेतृत्व में सांसद विजय पाल तोमर, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक एवं अरुणकांत त्रिपाठी 22 अगस्त तक प्रदेश के सभी मण्डलों व सेक्टरों का परिसीमन कर घोषित करेगें। बैठक में आज सभी जिलों के चुनाव अधिकारी एवं सह चुनाव अधिकारी की घोषणा हुई। 25 से 31 अगस्त तक सभी जिलों की बैठकें होंगी। एक से पांच सितंबर तक सभी मण्डलों में बैंठके होंगी।

यह भी पढ़ें- CM योगी ने कहा, मिलकर रहने व सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है ईद-उल-अज़हा, मायावती-अखिलेश ने भी दी बकरीद की बधाई

कार्यक्रम में प्रदेश चुनाव अधिकारी आशुतोष टण्डन, सह चुनाव अधिकारी वाईपी सिंह, त्रयंबक त्रिपाठी, प्रदेश के अन्‍य पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय संगठन मंत्री मौजूद रहें।