भाजपा सांसद रीता बहुगुणा के बेटे ने थामा सपा का दामन, अखिलेश ने किया मंच से ऐलान

मयंक जोशी

आरयू ब्यूरो,लखनऊ/आजमगढ़। यूपी विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के पहले समाजवादी पार्टी ने रीता बहुगुणा जोशी के घर में सेंध लगा दी है। दरअसल लम्बे समय से मयंक जोशी के सपा में जाने की अटकलों के बीच आखिरकार बीजेपी सांसद के बेटे मयंक जोशी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की आजमगढ़ के गोपालपुर विधानसभा की जनसभा में समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है।

मयंक जोशी के सदस्यता ग्रहण करने का ऐलान अखिलेश यादव ने शनिवार को जनसभा में मंच से किया। अखिलेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने से अब कोई नहीं रोक सकता है।

अखिलेश यादव ने मंच पर मौजूद मयंक जोशी का हाथ पकड़कर कहा कि भाजपा की सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मंयक जोशी भी सपा में आ गए हैं। मैं इनका स्‍वागत और हार्दिक धन्‍यवाद करता हूं। साथ ही कहा कि इनके (मयंक) के आने से पार्टी के नेताओं का काफी मनोबल बढ़ेगा।

यह भी पढ़ें- आधा दर्जन विधायकों के साथ सपा में शामिल होकर स्‍वामी प्रसाद मौर्या ने लिया भाजपा को उखाड़ फेकने का संकल्‍प, बोले, अब होगा 85-15 का मुकाबला

गौरतलब है कि वैसे मयंक जोशी ने बीते 22 फरवरी को ही सपा में जाने का इशारा कर दिया था। 22 फरवरी को मयंक जोशी ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी और खुद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुलाकात को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किया था। उसके बाद से ही मयंक जोशी के सपा में जाना तय हो गया था, बस औपचारिक ऐलान होना भर बाकी था।

बता दें कि चुनाव से ठीक पहले बीजेपी छोड़कर सपा का दामन थामने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा मौर्य बदायूं से बीजेपी की सांसद हैं। यानी पिता सपाई और बेटी भाजपाई। कुछ इसी तर्ज पर रीता बहुगुणा जोशी के घर भी ऐसी लकीर खिंच गई है। मां भाजपाई तो बेटा सपाई।

यह भी पढ़ें- भाजपा को झटका दे सपा अध्‍यक्ष से मिले स्‍वामी प्रसाद मौर्या, पार्टी में स्‍वागत कर अखिलेश ने बताया लोकप्रिय नेता