सपा के पूर्व नेता संजय सेठ और सुरेंद्र सिंह नागर ने थामा BJP का दामन

भाजप में शामिल
संजय सेठ और सुरेंद्र सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाते भूपेंद्र यादव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के सुरेंद्र सिंह नागर और संजय सेठ ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने उन्‍हें भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई।

सपा नेता सुरेन्द्र नागर और संजय सेठ आज दोपहर दिल्‍ली स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे और भाजपा की सदस्‍यता ली। दोनों नेताओं ने सोमवार को राज्यसभा से इस्तीफा दिया था। तभी से अटकलें लगाई जा रही थी कि वो भाजप में शामिल हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- सपा को फिर बड़ा झटका, अब राज्यसभा की सदस्यता से संजय सेठ ने दिया इस्तीफा

यहां बताते चलें राज्यसभा में उत्तर प्रदेश से सपा का प्रतिनिधित्व कर रहे सुरेंद्र सिंह नागर का कार्यकाल चार जुलाई 2022 तक था। वहीं, संजय सेठ सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के करीबी माने जाते थे। उच्च सदन में उनका कार्यकाल भी 2022 तक था। इससे पहले 16 जुलाई को सपा के राज्यसभा सदस्य नीरज शेखर ने भी पार्टी और उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। नीरज शेखर ने भी सपा छोड़ बीजेपी के हाथ थाम लिया था।

यह भी पढ़ें- सपा से आए नीरज शेखर को मिला गिफ्ट, भाजपा ने बनाया यूपी से राज्‍यसभा का उम्‍मीदवार

गौरतलब है कि राज्यसभा में सोमवार को समाजवादी पार्टी के सुरेन्द्र सिंह नागर, संजय सेठ के इस्तीफे की घोषणा की गई थी। उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति एम वेंकैया नायडू ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया था कि दोनों सपा सदस्यों ने दो अगस्त को इस्तीफा दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें- सपा को झटका, भाजपा में शामिल हुए पूर्व पीएम चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर ने कहा, मोदी के हाथों में सुरक्षित है देश का भविष्‍य